जूनियर गोल्फ : शुभम, रिद्धिमा संयुक्त 12वें स्थान पर

ताओयुआन (ताइवान), 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) की ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष खिलाड़ी शुभम नारायण और रिद्धिमा दिलावारी की टीम ने दो अंडर 70 का स्कोर करते हुए एशिया-प्रशांत जूनियर गोल्फ चैम्पियनशिप के पहले दिन में संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर रहे।

फोर बॉल फॉर्मेट में हो रही प्रतियोगिता के पहले दिन करणदीप कोचर और अदिती अशोक की दूसरी भारतीय टीम ने पार-72 वाले सनराइज गोल्फ एंड कंट्री क्लब में लेवल पार स्कोर किया और संयुक्त रूप से 17वें स्थान पर रहे।

दिल्ली की रिद्धिमा ने भारतीय प्रतिभागियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और दो बर्डी लगाए। शुभम ने भी दो बर्डी लगाए हालांकि वह दो बोगी भी लगा बैठे।

शुभम और रिद्धिमा की जोड़ी आस्ट्रेलियाई और मेजबान चिनी ताइपे की जोड़ियों के साथ संयुक्त 12वें स्थान पर है।

पहले दिन के खेल के बाद रिद्धिमा ने कहा, “यह एक अच्छा दिन रहा, लेकिन हम और भी बर्डी लगा सकते थे और इससे बेहतर स्कोर हासिल कर सकते थे। कुल मिलाकर मैं और शुभम पहले दिन के खेल से खुश हैं।”

शुभम ने कहा, “रिद्धिमा के साथ खेलने में मजा आया। वह निरंतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी हैं और हमेशा पार से आगे रहती हैं। उन्होंने मुझे आक्रामक रुख अपनाने का अवसर मुहैया करवाया और पूरे दिन सहज बने रहने में मदद की।”

वहीं लेडीज ब्रिटिश एमैच्योर चैम्पियनशिप जीतकर सीधे ताइवान पहुंचीं युवा प्रतिभा बेंगलुरू की अदिती ने पहले दिन के खेल में एक भी बोगी नहीं लगाया, हालांकि बर्डी वह एकमात्र 18वें होल पर हासिल कर सकीं।

अदिती ने कहा, “हमने पहले दिन बेहतर प्रदर्शन किया। कुछ होल पर भाग्य ने हमारा साथ नहीं दिया और हम कई बर्डी हासिल करने से चूक गए। लेकिन हम अभी भी सकारात्मक हैं और अगले दौर के खेल में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493