‘जूनियर महिला हॉकी टीम पहले से अधिक क्षमतावान’

नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के कोच माथियास आहरेंस ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय टीम आगामी जूनियर एशिया कप के लिए अभ्यास शिविर में प्रशिक्षण के बाद पहले से अधिक क्षमतावान और दक्ष हो चुकी है।

जूनियर एशिया कप का आयोजन चीन के चांगझू में पांच से 13 सितंबर के बीच होना है।

आहरेंस ने कहा, “हमारे पास अब एक बेहतरीन टीम और अच्छे खिलाड़ी हैं, जिनमें किसी भी टीम को टक्कर देने की योग्यता है। जूनियर एशिया कप काफी चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता होगी, क्योंकि जापान, उत्तर कोरिया और चीन जैसी एशिया की धुरंधर टीमें इसमें हिस्सा लेंगी।”

उन्होंने कहा, “प्रशिक्षण शिविर से खिलाड़ियों के कौशल और क्षमता में सुधार हुआ है। इस शिविर से खिलाड़ियों को स्वास्थ्य समस्याओं से उबरने के लिए और अपनी गलतियों में सुधार के लिए काफी समय मिल गया। हमें जूनियर एशिया कप में टीम से बेहतर प्रदर्शन और सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है।”

भारत को चीन, मलेशिया, सिंगापुर और उत्तर कोरिया के साथ पूल-ए में रखा गया है। भारतीय टीम पांच सितंबर को उत्तर कोरिया के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।

भारतीय टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा, “टीम और सभी खिलाड़ी शानदार लय में हैं। हमने जारी प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न रणनीतियों पर कठिन मेहनत की और टूर्नामेंट में उन्हें मैदान पर लागू करने को लेकर भी काम किया।”

गौरतलब है कि जूनियर एशिया कप अगले साल होने वाले जूनियर विश्व कप के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493