जूनियर हॉकी विश्व कप : हैट्रिक के साथ भारत क्वार्टर फाइनल में

लखनऊ, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय टीम ने जूनियर हॉकी विश्व कप में अपना विजयी क्रम जारी रखते हुए अपने अंतिम ग्रुप मैच में सोमवार को दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से मात देते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में ग्रुप-डी के इस मैच में भारत ने यह मैच जीत कर इस टूर्नामेंट में अपनी हैट्रिक पूरी की है।

क्वार्टर फाइनल में मेजबान टीम का सामना स्पेन से होगा। भारत ने अपने पूल में सभी मैच जीतते हुए शीर्ष स्थान के साथ इस दौर का अंत किया है। उसने पहले मैच में कनाडा और दूसरे मैच में इंग्लैंड को मात दी थी।

भारत के लिए कप्तान हरजीत सिंह और मनदीप सिंह ने किए। दक्षिण अफ्रीका के लिए एकमात्र गोल काइल लॉयन ने किया।

पूरे टूर्नामेंट में अभी तक आक्रामक खेल खेलती आ रही भारतीय टीम ने इस मैच में भी शुरू से आक्रामक खेल ही खेला और दक्षिण अफ्रीका को बैकफुट पर रखा। शुरुआती पलों में भारत के पास मौके थे लेकिन वह उन्हें गोल में नहीं बदल पाई। चौथे मिनट में भारत के पास बढ़त लेने का बेहतरीन मौका था लेकिन वहां भारतीय खिलाड़ी गोल करने से चूक गए।

इसके बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रमण जारी रखे और हमले करते रहे। 11वें मिनट में भारतीय कप्तान हरजीत ने शानदार फील्ड गोल करते हुए अपनी टीम को एक गोल से आगे कर दिया।

गोल करने के बाद मेजबान टीम और आक्रामक हो गई और मेहमनों को परेशान करती रही। मेहमान टीम भारतीय खिलाड़ियों से गेंद लेने के लिए संघर्ष कर रही थी। इसी बीच 17वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन विपक्षी टीम के गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए स्कोर 2-0 नहीं होने दिया।

भारतीय टीम के हमले जारी रहे और मेहमान टीम बैकफुट पर थी। 28वें मिनट में दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय खेमे में हमला किया और उसे पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस मौके को उसने हाथ से जाने नहीं दिया और काइल लॉयन ने गोल करते हुए टीम को बराबरी पर ला दिया।

पहले हाफ में पूरी तरह भारतीय टीम का जलवा रहा और वह अधिकतर समय मेहमानों पर भारी रही। हालांकि हाफ के अंतिम मिनटों में दक्षिण अफ्रीका ने बराबरी का गोल दाग अपनी स्थिति को बेहतर किया।

पहले हाफ के अंतिम मिनटों में गोल करने का फायदा अफ्रीकी टीम को दूसरे हाफ में मिला। जहां उसका आत्मविश्वास बढ़ गया था और टीम पहले हाफ की अपेक्षा बेहतर और शानदार हॉकी खेल रही थी। मेजबान हालांकि अपने आक्रामक खेल को जारी रखे हुए थे लेकिन विपक्षी टीम के बेहतर खेल के कारण बढ़त नहीं ले पा रहे थे।

भारतीय टीम के लिए यह परीक्षा की घड़ी था। इसी बीच भारतीय टीम 49वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर लेने में कामयाब रही लेकिन हरमनप्रीत अपनी टीम के लिए दूसरा गोल नहीं कर पाए।

55वें मिनट में भारतीय टीम अंतत: बढ़त लेने में कामयाब रही। मनदीप सिंह ने भारत के लिए फील्ड गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इस गोल के बाद अफ्रीकी टीम एक बार बैकफुट पर थी और उस पर दबाव साफ नजर आ रहा था।

लेकिन उसकी रक्षापंक्ति अभी भी बेहतरीन खेल दिखा रही थी और उसने भारत को कई मौकों पर गोल करने से रोका।

68वें मिनट में मेहामानों के पास गोल करने का एक और मौका आया लेकिन भारतीय गोलकीपर विकास दहिया ने हमेशा की तरह बेहतरीन बचाव करते हुए बराबरी का गोल होने से रोक दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493