मुंबई, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। समीक्षकों द्वारा सराही गई बंगाल विभाजन पर आधारित फिल्म ‘राजकहिनी’ के हिंदी रीमेक ‘बेगम जान’ की शूटिंग जून से शुरू होगी। फिल्मकार श्रीजीत मुखर्जी ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘शंखाचिल’ की स्क्रीनिंग में उपस्थित मुखर्जी ने कहा, “हम ‘राजकहिनी’ की राह पर हैं, यह बंगाल में विभाजन के बाद की कहानी से संबंधित है। इसका शीर्षक ‘बेगम जान’ है और विद्या बालन इसमें बेगम जान के किरदार में हैं। फिल्म की शूटिंग 10 जून से शुरू होगी।”
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक ने कहा, “बंगाल और पंजाब में विभाजन एक दिल टूटने वाली कहानी है। मैं चाहता हूं कि इस मुद्दे पर और भी फिल्में बनाई जानी चाहिए।”
बेगम जान के किरदार में विद्या बालन हैं और इसमें 11 नए कलाकार यौनकर्मियों की भूमिका निभाएंगे।
‘बेगम जान’ के अलावा, मखर्जी अपराध पर आधारित फिल्म ‘जुल्फीकार’ भी लेकर आएंगे, जो विलियम शेक्सपीयर के दुखांत नाटक ‘जूलियस सीजर’ और ‘एंटनी एंड क्लियोपैट्रा’ पर आधारित है।
dharmpath.com dharmpath