जेके टायर कार्टिग : डोनिसन, मानव और शाहान बने चैंपियन (फोटो सहित)

कोल्हापुर, 25 सितंबर (आईएएनएस)। मोहिते रेसिंग एकेडमी में रविवार को 13वीं जेके टायर-एफएमएससीआई राष्ट्रीय मैक्स कार्टिग चैंपियनशिप का शानदार समापन हो गया। जैसी की उम्मीद थी रेस के प्रबल दावेदारों रिकी डोनिसन, मानव शर्मा और शाहान अली ने अपनी अपनी श्रेणी में बड़ी ही आसानी से जीत हासिल कर ली।

पिछले तीन सीजन में अजेय रहे डोनिसन ने सीनियर मैक्स श्रेणी में जीत हासिल करते हुए ना सिर्फ खिताब बचाया बल्कि हैट्रिक भी लगा दी। ये प्रदर्शन इसलिए भी शानदार है क्योंकि उन्होंने अपने चमकदार करियर में जिन 14 कार्टिग रेस में हिस्सा लिया है, उन सभी में उन्होंने पोल पर ही रेस खत्म की है, जिस तरह उन्होंने 12 रेस जीती है उससे उनकी आक्रामक रेसिंग का पता चलता है।

रविवार को छुट्टी का दिन था और कोल्हापुर में रेस देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े थे, जब रिकी मुकाबले में उतरे तो उन्हें पता था कि मुकाबला काफी तगड़ा होनेवाला है। एक बार फिर उन्हें पोल पोजिशन मिली थी, लेकिन उनके सिर्फ 358 अंक थे जो कि चैंपियनशिप में आगे चल रहे विष्णु प्रसाद से एक अंक कम था। उन्हें पता था कि एक छोटी सी गलती भी उनके जीत के सफर को खत्म कर सकती है।

हालांकि इस बात का उनपर रत्तीभर भी असर नहीं दिख रहा था। डोनिसन (बीपीसी रेसिंग) ने पहले लैप में ही बाकी खिलाड़ियों पर बढ़त बना ली और पांचवें लैप में सबसे तेज 51.717 सेकेंड का वक्त निकाल लिया, उन्होंने लगातार अंतर बढ़ाते हुए 20 लैप की रेस को पांच सेकेंड पहले ही खत्म कर लिया। उन्होंने सीजन का समापन 413 अंकों के साथ किया और बाकी रेसर उनसे मुकाबला करने की कोशिश ही करते रह गए।

मुंबई के नयन चटर्जी और विष्णु प्रसाद (दोनों मेको रेसिंग) के अलावा ध्रुव मोहिते (मोहिते रेसिंग) भी आपस में जोरदार मुकाबला करते नजर आए, हर लैप में ये सभी रेसर बारी बारी एक दूसरे को पछाड़ते रहे। जब ऐसा लग रहा था कि रेस इसी तरह खत्म हो जाएगी, तभी विष्णु और ध्रुव के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई जब विष्णु ने ध्रुव को खतरनाक तरीके से ट्रैक से बाहर कर दिया, नतीजा ये हुआ कि दोनों रेसर दूसरे स्थान की दौड़ से बाहर कर दिए गए।

नयन ने इस हादसे का पूरा फायदा उठाया और पांचवें और अंतिम राउंड में उपविजेता बनकर उभरे। लेकिन वे चैंपियनशिम में 397 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर ही रह पाए। विष्णु रेस में चौथे स्थान पर रहे और पूरी चैंपियनशिप में 408 अंक लेकर उपविजेता बने।

माइक्रो मैक्स श्रेणी में मेको के शाहान अली ने भी उम्मीद के मुताबिक ही शानदार प्रदर्शन किया। एशियन चैंपियन ने ये चैंपियनशिप जीतते हुए खिताब की हैट्रिक लगाई और अपनी प्रतिभा एक बार फिर साबित की। उन्होंने रविवार को 86 अंक हासिल किए, जहां प्री फाइनल में उन्होंने पहला स्थान हासिल किया जबकि फाइनल में वे दूसरे स्थान पर रहे, शाहान को कुल 434 अंक मिले।

शाहान ने बीरेल आर्ट के रुहान अल्वा (दूसरा स्थान) से पूरे 25 अंक ज्यादा हासिल किए, जिन्होंने रविवार को आखिरी राउंड की अंतिम रेस में पहला स्थान हासिल किया। लेकिन आगरा के स्टार शाहान ने सुबह ही प्री फाइनल में जीत हासिल करके निर्णायक बढ़त बना ली थी और प्रतियोगिता पहले ही अपने नाम कर ली थी ।

जूनियर मैक्स में, फरीदाबाद के मानव शर्मा (बीपीसी रेसिंग) ने अपनी बेहतरीन टाइमिंग दिखाई, उन्होंने रविवार को प्री फाइनल और फाइनल मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। उनके पास महज छह अंकों की बढ़त थी, और वे जानते थे कि छोटी सी गलती भी उनके लिए घातक हो सकती है। उन्होंने कोई गलती नहीं की। मानव ने 423 अंक हासिल किए और मेको के यश आराध्या से काफी आगे रहे। यश के लिए रविवार का दिन बेहद खराब रहा।

यश को सुबह की रेस में 10 अंकों को जुर्माना लगा और वे आखिरी स्थान पर रहे, जबकि दोपहर में वे चौथे स्थान पर रहे। बीपीसी के चिराग घोरपड़े ने रविवार का दिन पोल पोजिशन से शुरू किया था, वे शनिवार को काफी बेहतरीन फॉर्म में नजर आए थे लेकिन रविवार को सिर्फ 82 अंक ले सके और 399 अंकों के साथ चैंपियनशिप में तीसरे स्थान पर रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493