जेनेवा में ईरान परमाणु वार्ता फिर शुरू

जिनेवा, 23 फरवरी (आईएएनएस)। ईरान और विश्व की छह महाशक्तियों के प्रतिनिधियों के बीच ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम पर ताजा दौर की वार्ता के लिए रविवार शाम यहां बैठक हुई।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, वार्ता के मध्यस्थ यूरोपीय संघ ने बयान जारी कर बताया कि ईरान और पी5+1 समूह (अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, चीन और जर्मनी) के देश तेहरान के परमाणु मुद्दे पर लंबी अवधि के व्यापक समाधान के लिए अपने कूटनीतिक प्रयासों को जारी रखने के उद्देश्य से मिले।

चीनी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख और चीनी विदेश मंत्रालय के शस्त्र नियंत्रण विभाग के महानिदेशक वांग कुन ने वार्ता से पहले संवाददाताओं को बताया कि अब वार्ता महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत अंतिम दौर में है, लिहाजा अब इस मुद्दे पर विस्तृत जानकारी अधिक प्रमुख हो जाएगी और चुनौतियां बढ़ जाएगी, जिस वजह से राजनीतिक समाधान अधिक जरूरी हो जाएगा।

इस बैठक से पहले शुक्रवार को भी अमेरिका और ईरान के अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी।

अमेरिका और ईरान के बीच की खाई को पाटने के लिए रविवार दोपहर दोनों देशों के विदेश मंत्रियों क्रमश: जॉन केरी और मोहम्मद जावेद जरिफ के बीच बैठक हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493