लॉस एंजेलिस, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। पिछले 16 वर्षो से ‘द डेली शो को’ प्रस्तुत करने वाले जॉन स्टीवर्ट ने प्राइम टाइम एमी अवार्ड्स के मौके पर एमी पुरस्कार ग्रहण करते समय शो की टीम और दर्शकों को अलविदा कह दिया।
रविवार को यहां 67वें वार्षिक ‘प्राइम टाइम एमी अवार्ड्स’ में शो को ‘वैरायटी टॉक सीरीज’ वर्ग में जीत हासिल हुई।
6 अगस्त को प्रसारित भावनात्मक एपीसोड से शो को अलविदा कहने वाले स्टीवर्ट ने कहा, “बहुत धन्यवाद, आपको मुझे फिर नहीं देखना पड़ेगा।”
इस मौके पर चुटकी लेते हुए स्टीवर्ट ने कहा कि छोटे पर्दे से विदा लेने के बाद प्रशंसा बेहद कम ही मिलती है।
स्टीवर्ट ने कहा, “टेलिविजन के सभी कलाकारों को मैं यही कहना चाहता हूं, जब तक संभव हो, इससे चिपके रहें।”
स्टीवर्ट ने शो के पीछे की टीम की भी काम और लगन के लिए भरपूर प्रशंसा करते हुए कहा कि वे ही असली हीरो हैं।
dharmpath.com dharmpath