संयुक्त राष्ट्र, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। जॉर्डन ने बुधवार को अप्रैल महीने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। संयुक्त राष्ट्र का अध्यक्ष हर माह वर्णमालानुसार बदलता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र में जॉर्डन के स्थाई प्रतिनिधि दीना कंवर ने संयुक्त राष्ट्र में फ्रांस के राजदूत फ्रांस्वा देलात्तरे की जगह ली। देलात्तरे ने मार्च में यूएनएससी के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया था।
अप्रैल महीने में ‘हिंसक उग्रवाद का मुकाबला करने में युवाओं की भूमिका’ विषय पर संयुक्त राष्ट्र में वाद-विवाद एवं चर्चा आयोजित करने की योजना है। इसके अलावा सीरिया में मानवता की स्थिति एवं संघर्षरत क्षेत्रों में यौन हिंसा के मुद्दों पर बैठकें आयोजित करने की भी योजना है।
संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के अनुसार, विश्व में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने की प्राथमिक जिम्मेदारी यूएनएससी की है।
यूएनएससी के पांच स्थाई सदस्यों में अमेरिका, ब्रिटेन, चीन, फ्रांस और रूस शामिल हैं। इसके अलावा 10 अस्थाई सदस्य राष्ट्र भी हैं। इनका चुनाव क्षेत्रीय आधार पर दो साल की अवधि के लिए होता है।
यूएनएससी के अध्यक्ष पद का कार्यकाल 15 स्थाई एवं अस्थाई सदस्य राष्ट्रों के बीच अंग्रेजी वर्णमाला के क्रम में एक-एक महीने के लिए हस्तांतरित होता है।
dharmpath.com dharmpath