मैनचेस्टर, 3 जनवरी (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के मुख्य कोच लुइस वान गाल ने स्वानसी के खिलाफ बीते मैच में फिल जोंस और एश्ले यंग के चोटिल होने पर चिंता व्यक्त की है।
खराब फॉर्म से जूझ रही युनाइटेड ने शनिवार की रात हुए स्वानसी के खिलाफ हुए प्रीमियर लीग मुकाबले में 2-1 से जीत हासिल की।
मैच के दौरान पहले हाफ में जोंस चोटिल हो गए और उनकी जगह मैटीयो डारमियान को मैदान पर उतराना पड़ा, वहीं दूसरे हाफ में चोटिल हुए यंग की जगह पैडी मैकनेयर स्थानापन्न खिलाड़ी बने।
वान गाल ने खुलासा किया है कि जोंस को वैसी ही चोट आई है, जैसी की उन्हें क्रिसमस से पहले आई थी और जिसके कारण उन्हें पांच मैचों से बाहर होना पड़ा था।
यंग को आई चोट पर वान गाल ने कहा है कि यह त्यौहारी सीजन में भी अति व्यस्त कार्यक्रम का नतीजा है।
वान गाल ने कहा, “फिल जोंस चोटिल हैं और उनकी चोट पहले जैसी ही है। एश्ले यंग को लगातार ढेर सारे मैच खेलने पड़े हैं, जिससे वह थोड़े थक गए थे, जिसे बदलना होगा। यह खुद से नहीं होगा, बल्कि मुझे करना होगा, क्योंकि मैं ऐसा चाहता हूं।”
dharmpath.com dharmpath