नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। अबुधाबी सरकार की पहल और यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) में पर्पज-बिल्ट इकोनॉमिक जोन के सबसे बड़े डेवलपर और परिचालकों में से एक जोन्सकॉर्प भारत में अबुधाबी इन्वेस्टमेंट वीक का आयोजन कर रही है। जोन्सकॉर्प ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
इस कार्यक्रम की शुरूआत 6 फरवरी को दिल्ली (हयात रिजेंसी) से होगी और इसके बाद गुड़गांव (7 फरवरी- होटल क्राउन प्लाजा), चंडीगढ़ (7 फरवरी- हयात रिजेंसी) और मुंबई (9 फरवरी-ताज महल) में अबुधाबी इन्वेस्टमेंट वीक का आयोजन किया जाएगा।
जोन्सकॉर्प ने बताया कि इस इवेंट का उद्देश्य ऐसे भारतीय कारोबारियों के लिए निवेश अवसर उपलब्ध कराना है जो भारतीय विनिर्माण और औद्योगिक कारोबार की सफलता का विस्तार और प्रदर्शन यूएई में करना चाहते हैं। भारत और यूएई के संबंध काफी पुराने व प्रगाढ़ हैं और भारतीय उद्योग परिसंघ के अनुसार उनका द्विपक्षीय कारोबार फिलहाल 50 अरब डॉलर से अधिक है, जो 2020 तक 100 अरब डॉलर का हो जाएगा। यूएई फिलहाल भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का 10वां सबसे बड़ा स्रोत है।
इसके अतिरिक्त जोन्सकॉर्प अपने परिचालन के विभिन्न क्षेत्रों लाइट मैन्युफैक्च रिंग, स्टील, फार्मास्युटिकल्स, कंस्ट्रक्शन मैटेरियल्स, इंजीनियरिंग और एल्युमीनियम में 80 से अधिक भारतीय कंपनियों की मेजबानी करेगी।
इस इन्वेस्टमेंट वीक के दौरान जोन्सकॉर्प अपनी साझेदार कंपनियों के साथ मिलकर कई चर्चाओं, कार्यशालाओं और वन-टु-वन बैठकों में भी हिस्सा लेकर अपने अनूठे परिचालन मॉडल और अबुधाबी के भू-रणनीतिक फायदे के बारे में निवेशकों को बताएगी।
जोन्सकॉर्प के महानिदेशक सईद ईसा अल खयेली ने कहा, “हमारा लक्ष्य ऐसे भारतीय निवेशकों के लिए नए कारोबारी अवसर एवं बाजार पेश करना है, जो अपने कारोबार का विस्तार कर पश्चिम एशियाई और उत्तर अफ्रीकी बाजारों में करने के साथ ही यूरोपीय संघ के बाजारों में जाने का रास्ता ढूंढ रहे हैं। हमारे पास अनूठा क्लस्टर आधारित परिचालन मॉडल है, जो भारतीय कंपनियों के विकास के लिए जांचा गया और सफल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराता है।”
बयान में कहा गया कि जोन्सकॉर्प का उद्देश्य अपने नए ‘राहायेल सिटी’ परियोजना का प्रदर्शन करना भी है। करीब 12.3 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला राहायेल एक अत्याधुनिक, पूरी तरह एकीकृत ‘ऑटो हब’ है, जिसे ऑटो संबंधी सभी प्रकार के कारोबार और सपोर्टिग सेवाओं की व्यापक रेंज उपलब्ध कराने के लिए विकसित किया गया है। यहां इसके लिए आवश्यक विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा भी है।
dharmpath.com dharmpath