जोहानसबर्ग, 18 फरवरी (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की ताबड़तोड़ 72 रनों की पारी की बदौलत भारत ने यहां यू वांडर्स स्टेडियम में रविवार को जारी पहले टी-20 मैच में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 204 रनों का लक्ष्य दिया है।
यह टी-20 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
तीन टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में रविवार को टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ज्यां पॉल ड्युमिनी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत के सलामी रोहित शर्मा ने भारतीय को ठोस शुरुआत देते हुए पहले ओवर में ही 18 रन जड़ दिए।
रोहित शर्मा को 21 के निजी स्कोर पर जूनियर डाला ने आउट किया। टी-20 क्रिकेट में लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रहे सुरेश रैना भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए और 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
भारतीय टीम ने पावरप्ले में 78 रन बनाए, जो टी-20 मैचों के पावरप्ले में टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
रैना के आउट होने के बाद, शिखर धवन ने कप्तान विराट कोहली (26) के साथ मिलकर 59 रनों की साझेदारी निभाई। कोहली के पेवलियन लौटने के बाद धवन ने मनीष पांडे के साथ भारतीय पारी को संभाला और 14.4 ओवरों में टीम के स्कोर को 155 रनों तक पहुंचाया।
शिखर धवन को 72 के निजी स्कोर पर फेहुलकवायो ने आउट किया। धवन ने 39 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्के लगाए। अंतिम पांच ओवरों में पांडे ने महेंद्र सिंह धोनी (16) और हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर मेहमान टीम को 20 ओवरों में 203 रनों के कुल योग तक पहुंचाया।
मनीष पांडे 29 और हरफनमौला खिलाड़ी पांड्या 13 रन बनाकर नाबाद लौटे।
दक्षिण अफ्रीका के लिए जूनियर डाला ने 47 रन देकर दो विकेट लिए। मौरिस, शमसी और फेहुलकवायो को एक-एक विकेट मिला।
dharmpath.com dharmpath