ज्यूरिख, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। हाल ही में संपन्न हुए बीजिंग विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में विजेता रहे 26 चैम्पियन एथलीट ज्यूरिख में गुरुवार से शुरू होने वाले आईएएएफ डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे।
बीजिंग विश्व चैम्पियनशिप में रिले रेस के विजेता रहे छह एथलीट और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में चैम्पियन रहे 20 एथलीट शामिल हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार इन 26 विश्व चैम्पियन खिलाड़ियों में 800 मीटर स्पर्धा विश्व रिकार्डधारक केन्या के डेविड रुडिशा, 1500 मीटर में विश्व रिकार्डधारक इथियोपिया के गेंजेब दिबाबा और जमैका की दिग्गज धाविका शैली एन फ्रेजर प्राइस शामिल हैं।
26 नए विजेताओं में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं और यह सभी लेजीग्रंड स्टेडियम में होने वाले आईएएएफ डायमंड लीग के फाइनल इवेंट के लिए तैयारी कर रहे हैं।
डायमंड लीग के सह निदेशक एवं एथलीट संपर्क अधिकारी एंड्रियास हेडिजर ने कहा, “हम अपने खेल सितारों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। हमारे टूर्नामेंट की कुछ स्पर्धाएं बीजिंग विश्व चैम्पियनशिप से भी ज्यादा मजबूत हैं।”
हेडिजर ने कहा, “व्यक्गित स्पर्धा में 20 विश्व चैम्पियन, 12 रजत पदक विजेता, 20 कांस्य पदक विजेता, 17 विश्व स्तर के खिलाड़ी, लंदन ओलंपिक खेलों के आठ विजेता और बीजिंग ओलम्पिक खेलों के सात विजेता इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।”
इस वर्ष डायमंड लीग के फाइनल राउंड में 16 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। विजेताओं को ट्राफी के साथ-साथ 40,000 डॉलर की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
dharmpath.com dharmpath