नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। मशहूर भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान डांस रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा रिलोडिड’ में पहली ‘वाइल्ड कार्ड’ एंट्री होंगे। वह इसमें प्रतिभाग करने को लेकर खुश हैं, लेकिन कहते हैं कि उनके लिए डांस स्टेप्स याद रखना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
इरफान ने आईएएनएस को बताया, “मैंने बस बचपन में परिवारिक आयोजनों में डांस किया है। मैं पेशेवर डांसर नहीं हूं, लेकिन मुझे चुनौतियों का सामना करना पसंद है। इसके अलावा इस वक्त में क्रिकेट नहीं खेल रहा हूं, इसलिए जब मुझसे ‘झलक..’ का हिस्सा बनने के लिए संपर्क किया गया, तो मैंने सोचा कि मैं इसे एक नई चुनौती के रूप में लूंगा, क्योंकि यह शो एक गैर पेशेवर डांसर के डांसर बनने का सफर है। यह एक नई सीख देने वाला अनुभव होने जा रहा है।”
उन्होंने कहा, “मेरे लिए डांस स्टेप्स याद रखना सबसे बड़ी चुनौती होने वाली है। मैं हर परफॉरमेंस में और बेहतर करने के लिए खुद को टक्कर दूंगा।”
इरफान को उम्मीद है कि डांस उन्हें स्वस्थ रखेगा।
‘झलक दिखला जा रिलोडिड’ 11 जुलाई से कलर्स चैनल पर प्रसारित होना शुरू हो गया। अभिनेता-हास्य कलाकार मनीष पॉल की मेजबानी वाले इस शो के निर्णायक लोकप्रिय फिल्मकार करण जौहर, डांसर लॉरेन गोटलिएब और कोरियोग्राफर गणेश हेगड़े हैं।
dharmpath.com dharmpath