कैनबरा, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व संचार मंत्री मैलकम टर्नबुल ने मंगलवार को देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। वह आस्ट्रेलिया के 29वें प्रधानमंत्री हैं। टर्नबुल ने टोनी एबॉट की जगह ली है। एबॉट को उन्होंने ‘महान आस्ट्रेलियाई’ कहा।
‘एबीसी’ की रपट के मुताबिक, कैनबरा के गवर्नर हाउस में जल्दबाजी में बुलाए गए शपथ ग्रहण समारोह में गवर्नर जनरल पीटर कोसग्रोव ने टर्नबुल को शपथ दिलाई। उन्होंने ब्रिटेन की रानी एलिजाबेथ द्वितीय के प्रति निष्ठा की शपथ ली।
टर्नबुल ने सोमवार को अपनी लिबरल पार्टी के एक आंतरिक मतदान में एबॉट को सत्ता से बेदखल करने में कामयाबी पाई थी। उनके पक्ष में 54 मत पड़े थे, जबकि एबॉट को 44 मत ही मिले।
टर्नबुल ने वादा किया है कि उनकी सरकार मंत्रिमंडल के निर्देशों के अनुरूप काम करेगी। समलिंगी विवाह और जलवायु परिवर्तन पर एबॉट सरकार की नीतियों का ही अनुसरण करेगी।
एबॉट ने कहा कि वह पार्टी नेताओं के एक समूह के भितरघात के शिकार हो गए। उन्हें खत्म करने के लिए मीडिया में उनका चरित्र हनन किया गया। लेकिन वह प्रतिशोध में सरकार का नुकसान नहीं करेंगे।
टर्नबुल ने एबॉट को सत्ता से बेदखल करने के बाद उनकी तारीफ की। उन्होंने कहा, “हमारा राष्ट्र, हमारी संसद, हमारी सरकार, हमारी पार्टी, हमारी पार्टियां, गठबंधन- सभी टोनी एबॉट की सेवाओं और नेतृत्व के लिए उनके शुक्रगुजार हैं। वह हमें विपक्ष से निकालकर सत्ता में लाए थे।”
टर्नबुल ने कहा कि एबॉट सरकार द्वारा किए गए मुक्त व्यापार समझौते सफलता की मिसाल हैं।
उन्होंने सीमा संरक्षण के लिए एबॉट की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन्हीं नीतियों की वजह से आज आस्ट्रेलिया 12,000 सीरियाई और इराकी शरणार्थियों को पनाह देने की स्थिति में है।
dharmpath.com dharmpath