मुंबई, 11 जनवरी (आईएएनएस)। मुंबई की सबसे प्रतिष्ठित मैराथन के आयोजन की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और इस मैराथन के लिए अब तक 44,407 पंजीकरण करा चुके हैं।
21 जनवरी को आयोजित होने वाली इस मैराथन की पुरस्कार राशि 405,000 अमेरिकी डॉलर है। इसमें विश्व स्तरीय तथा भारतीय एथलीट हिस्सा लेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय एथलीटों में पिछले साल टोक्यो मैराथन में दूसरा स्थान हासिल करने वाले इथियोपियाई एथलीट सोलोमोन डेकसिया और मुंबई मैराथन-2017 के रनर-अप केन्याई एथलीट जोशुआ किपकोरिर अहम होंगे।
महिला वर्ग में इस मैराथन की मौजूदा विजेता केन्याई एथलीट बोर्नेस किटुर अपने खिताब को बचाने की हर कोशिश करेगी। उन्हें 2017 जुबलजाना मैराथन की विजेता और इथियोपियाई एथलीट शुको जेनेमो अच्छी टक्कर दे सकती हैं।
भारतीय एथलीटों की बात की जाए, तो पुरुष वर्ग में एशियाई मैराथन चैम्पियन टी-गोपी, नीतेंद्र सिंह रावत अहम एथलीटों में होंगे, वहीं महिला वर्ग में सुधा सिंह और एल सुरिया कड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगी।
इस फीचर रेस में 6,955 हिस्सा लेंगे और हॉफ मैराथन में 14,950 लोग हिस्सा लेंगे। इस बार पहली बार आयोजित हो रहे 10 किलोमीटर मैराथन में 1,652 लोग दौड़ेंगे। इसके अलावा, वरिष्ठ नागरिक रेस में 1,130 और ‘चैम्पियंस विध डिसएबिलिटी रन’ में 1, 220 एथलीट हिस्सा लेंगे।
टाटा मुंबई मैराथन की सबसे लोकप्रिय ड्रीम रन में 18,500 लोग हिस्सा लेंगे। यह रेस किसी कार्निवल से कम नहीं होती।
dharmpath.com dharmpath