टाटा स्टील बेच सकती है ब्रिटेन का कारोबार

मुंबई, 30 मार्च (आईएएनएस)। ब्रिटिश कारोबार में करीब तीन अरब डॉलर का घाटा उठाने के बाद टाटा स्टील अब ब्रिटेन के अपने समस्त कारोबार को बेचने पर विचार कर रही है। कंपनी ने 10 साल पहले एंग्लो-डच कंपनी कोरस का 8.1 अरब डॉलर में अधिग्रहण कर यूरोप में प्रवेश किया था।

एक सप्ताह पहले टाटा स्टील यूके ने कहा था कि उसने स्कॉटलैंड के अपने क्लाइडब्रिज और डल्जेल इस्पात संयंत्र स्थानीय सरकार को बेचने का एक समझौता किया है।

कंपनी के एक बयान में कहा गया है, “टाटा स्टील के बोर्ड ने आज यूरोपीय कारोबार और खास तौर से टाटा स्टील यूके के हाल के प्रदर्शन की समीक्षा की है। इसने गत 12 महीने में ब्रिटेन की सहायक कंपनी के खराब वित्तीय प्रदर्शन पर निराशा जताई है।”

बयान के मुताबिक, “ब्रिटिश कारोबार के बारे में टाटा स्टील के बोर्ड की समीक्षा के बाद इसने अपनी यूरोपीय होल्डिंग इकाई टाटा स्टील यूरोप को पोर्टफोलियो पुनर्गठन के सभी विकल्प पर विचार करने का सुझाव दिया है, जिसमें टाटा स्टील यूके की संपूर्ण या आंशिक बिक्री भी शामिल है।”

कंपनी ने कहा है कि खास तौर से यूरोप जैसे विकसित बाजारों में और समग्र विश्व में इस्पात की मांग 2008 के वित्तीय संकट के बाद कम रही है। हाल के वर्षो में हालांकि ब्रिटेन और यूरोप में स्थिति और बिगड़ी है।

बयान में कहा गया है कि भविष्य में भी मांग कम ही रहने की संभावना है।

बयान में कहा गया है, “विपरीत बाजार परिस्थितियों के बाद भी टाटा स्टील समूह ने ब्रिटेन के कारोबार में काफी पूंजी लगाई है और गत पांच साल में उसे दो अरब पाउंड का घाटा हुआ है।”

बयान में कहा गया है, “आने वाले समय में वित्तीयन की समस्या को देखते हुए टाटा स्टील यूरोप के बोर्ड को सलाह दी जाती है कि वह समयबद्ध तरीके से सभी व्यावहारिक विकल्पों पर विचार करे और उसे लागू करे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493