किंग्स्टन (जमैका), 9 मई (आईएएनएस)। कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) टी-20 लीग टूर्नामेंट की टीम जमैका टालावाज के मुख्य कोच मिकी आर्थर का मानना है कि श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज माहेला जयवर्धने का जुड़ना टीम के लिए बेहद अहम साबित होने वाला है।
समाचार एजेंसी सीएमसी ने आर्थर के हवाले से कहा कि जयवर्धने की मौजूदगी टीम को मजबूती प्रदान करेगी और 2013 के बाद दोबारा खिताबी जीत हासिल करने में टीम के लिए बेहद मददगार साबित होगी।
आर्थर ने कहा, “जयवर्धने की क्षमता वाले अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के टीम से जुड़ने पर मैं बेहद रोमांचित हूं। जयवर्धने टीम के लिए मध्य के ओवरों में बल्लेबाजी की बागडोर संभालेंगे, जो टीम के लिए बेहद मददगार साबित होने वाली है।”
उन्होंने कहा, “जयवर्धने से करार को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं। हालांकि लगातार प्रदर्शन में सुधार लाना भी जरूरी है।”
गौरतलब है कि आईसीसी विश्व कप के बाद जयवर्धने ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है।
वेस्टइंडीज के धुरंधर बल्लेबाज क्रिस गेल पहले से ही टीम में मौजूद हैं और अब जयवर्धने के टीम से जुड़ने पर जमैका टालावाज की बल्लेबाजी काफी मजबूत लग रही है।
dharmpath.com dharmpath