मुंबई, 27 अगस्त (आईएएनएस)। बॉलीवुड की पाश्र्व गायिका जसपिंदर नरूला इस समय देश में मौजूद टेलीविजन रियलिटी शो से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं और उनका कहना है कि इनकी गुणवत्ता अब धुंधली पड़ रही है।
जसपिंदर का कहना है कि वह इस प्रकार के कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखना ही सही समझती हैं, क्योंकि वह बच्चों को गलत दिशा की ओर जाने के लिए प्रेरित नहीं करना चाहतीं।
पाश्र्व गायिका ने आईएएनएस को बताया, “रियलिटी शो कुछ ज्यादा ही हो रहे हैं और मुझे लगता है कि चैनल बहुत अधिक कर रहे हैं। ‘सा रे गा मा पा’ के बाद सभी चैनलों ने यह काम शुरू कर दिया है और मुझे लगता है कि उनकी गुणवत्ता धुंधली हो रही है।”
जसपिंदर ने कहा कि सभी को पैसा और लोकप्रियता के चक्रव्यूह में लाया जा रहा है और वह इसका साथ नहीं दे सकती, क्योंकि यह हद से अधिक हो रहा है।
टेलीविजन रियलिटी शो से दूरी बनाए जाने के बारे में पूछे जाने पर जसपिंदर ने कहा, “आप ऐसा कह सकते हैं। मैं सीट पर बैठकर बच्चों को गलत दिशा की ओर ले जाने के लिए प्रेरित करने के पक्ष में नहीं हूं। माफ कीजिए, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर सकती। मैं चाहती हूं कि बच्चे पूरी लगन के साथ पढ़ाई करें।”
‘प्यार तो होना ही था’ की गायिका ने हाल ही में पंजाबी गीतों का अलबम ‘मौत- इन सर्च ऑफ लव’ के लिए अपनी आवाज दी है। उनका कहना है कि लोगों को इस अलबम के गीत पसंद आएंगे।
dharmpath.com dharmpath