टी-20 में सफलता के लिए बल्लेबाजी का तरीका बदलें धौनी : गांगुली

कोलकाता, 14 नवंबर (आईएएनएस)। टी-20 प्रारूप में अपने प्रदर्शन के लिए आलोचनाओं का सामना कर रहे दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धौनी को पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने बल्लेबाजी शैली में बदलाव का सुझाव दिया है।

गांगुली का कहना है कि अगर धौनी को टी-20 प्रारूप में सफलता हासिल करनी है, तो उन्हें अपनी बल्लेबाजी के तरीके में बदलाव करना होगा।

उल्लेखनीय है कि जहां एक ओर धौनी को टी-20 प्रारूप छोड़ने के लिए कहा जा रहा है, वहीं इन बातों से नाखुश कप्तान विराट कोहली और मुख्य कोच रवि शास्त्री के बाद अब गांगुली पूर्व कप्तान धौनी के समर्थन में उतरे हैं।

गांगुली ने कहा, “वनडे की तुलना में टी-20 प्रारूप में धौनी का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है। मुझे आशा है कि इस बारे में कोहली और उनकी टीम धौनी से अलग से बात करेगी। उनमें अतुलनीय क्षमता है। अगर वह अलग तरीके से टी-20 में खेलते हैं, तो उन्हें निश्चित तौर पर सफलता हासिल होगी।”

पूर्व कप्तान गांगुली ने कहा, “मुझे लगता है कि उन्हें वनडे क्रिकेट खेलते रहना चाहिए, लेकिन टी-20 प्रारूप में उन्हें अलग तरीके से खेलना चाहिए। उन्हें बिना किसी दबाव के इस प्रारूप में अपना प्रदर्शन करना चाहिए। हालांकि, यह चयनकर्ताओं पर भी निर्भर है कि वह किस तरह से धौनी को खिलाना चाहते हैं।”

राजकोट में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए टी-20 मैच में भारतीय टीम को 40 रनों से मिली हार के बाद भारतीय टीम में धौनी के शामिल होने पर सवाल खड़े होने लगे थे। दिग्गज खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण ने धौनी की स्ट्राइक रेट और बड़े शॉट पर सवालिया निशान खड़े किए थे।

इन सभी सवालों पर काफी समय तक चुप्पी साधे हुए धौनी ने दुबई में शनिवार को एक समारोह में मुस्कराते हुए कहा, “अपने जीवन में हर किसी के अपने विचार होते हैं और उनका सम्मान करना चाहिए। मैंने हमेशा से समझा है कि खेल में आप हमेशा कुछ न कुछ सीखते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493