नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। जोस बटलर (नाबाद 66) की तूफानी पारी की मदद से इंग्लैंड ने शनिवार को फिरोज शाह कोटला मैदान पर जारी आईसीसी टी-20 विश्व कप के सुपर-10 दौर के ग्रुप-1 मुकाबले में श्रीलंका के सामने 172 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम ने निर्धारित 20 ओवरो में चार विकेट पर 171 रन बनाए। उसकी ओर से बटलर के अलावा जेसन रॉय ने 42, जोए रूट ने 25, और कप्तान इयोन मोर्गन ने 22 रन बनाए।
पहला विकेट चार रन के कुल योग पर गिर जाने के बाद रॉय और बटलर ने दूसरे विकेट के लिए 61 रन जोड़े। रूट का विकेट 65 के कुल योग पर गिरा। रूट ने 24 गेंदों पर चार चौके लगाए। रॉय ने इसके बाद बटलर के साथ भी 23 रन जोड़े।
रॉय 88 के कुल योग पर आउट हुए। रॉय ने 39 गेंदों का सामना कर तीन चौके और दो छक्के लगाए।
इसके बाद बटलर और कप्तान ने तेजी से खेलते हुए चौथे विकेट के लिए 39 गेदों पर 74 रनों की साझेदारी की। मोर्गन ने 16 गेदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया। उनका विकेट 162 के कुल योग पर गिरा।
बेटलर ने 37 गेंदों की पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। उनका एक छक्का 97 मीटर का था। बटलर, बेन स्टोक्स और मोर्गन ने अंतिम पांच ओवरो में कुल 72 रन जुटाए।
श्रीलंका की ओर से जेफरी वेंडरसे ने दो विकेट लिए जबकि रंगना हेराथ को एक सफलता मिली।
इंग्लैंड ने अब तक तीन मैच खेले हैं और उसके खाते में चार अंक हैं। इंग्लैंड ने दो मैच जीते हैं और एक मैच हारा है। श्रीलंका ने अब तक दो मैच खेले हैं। उसके दो अंक हैं। अगर आज इंग्लैंड जीतता है तो फिर वह वेस्टइंडीज के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।
अगर श्रीलंका जीतता है तो फिर इंग्लैंड को दूसरी टीमों के परिणाम पर आश्रित रहना होगा जबकि श्रीलंका सेमीफाइनल की दौड में बना रहेगा क्योंकि उसे अभी भी दो मैच खेलने हैं।
dharmpath.com dharmpath