मेलबर्न, 27 जनवरी (आईएएनएस)। मैच फिक्सिंग के कथित मामले समाने आने के बाद टेनिस के शीर्ष अधिकारियों ने भ्रष्टाचार रोधी इकाई की समीक्षा की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि समाचार चैनल बीबीसी और समाचार वेबसाइट बजफीड ने हाल ही में कथित तौर पर मैच फिक्सिंग और उसे छिपाए जाने का खुलासा किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मेलबर्न पार्क में पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) के अध्यक्ष क्रिस केरमोड ने कहा कि खेल कानून विशेषज्ञ एडम लेविस क्यूसी की अध्यक्षता में यह स्वतंत्र समीक्षा की जाएगी।
केरमोड, अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) के अध्यक्ष डेविड हैगर्टी और टेनिस इंटेग्रिटी बोर्ड और विंबलडन के चेयरमैन फिलिप ब्रूक ने टेनिस में भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए गठित टेनिस इंटेग्रिटी यूनिट (टीआईयू) की औपचारिक समीक्षा का विवरण दिया।
इस समीक्षा का उद्देश्य बीबीसी और बजफीड के खुलासे के बाद टेनिस की गरिमा को कायम करना होगा।
बीबीसी और बजफीड की रिपोर्ट में शीर्ष-50 में रह चुके पूर्व खिलाड़ियों की मैच फिक्सिंग में संलिप्तता की बात कही गई है।
रिपोर्ट में हालांकि इन 16 खिलाड़ियों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है, वहीं केरमोड और अन्य अधिकारियों ने कहा है कि कोई भी चीज छिपाई नहीं गई है और संदिग्ध सट्टेबाजी मैच फिक्सिंग में संलिप्तता का पर्याप्त सबूत नहीं है।
dharmpath.com dharmpath