मोनाको, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। बेल्जियम के डेविड गोफिन और जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए मोंटे कार्लो मास्टर्स के क्वार्टरफाइनल में गुरुवार को प्रवेश कर लिया।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, विश्व रैंकिंग में 10वें नंबर के खिलाड़ी गोफिन ने स्पेन के रोबर्टो बतिस्टा अगुट को एक घंटे 41 मिनट तक चले मुकाबले में 6-4, 7-5 से मात दी।
गोफिन का अगुट के खिलाफ चार करियर मुकाबलों में यह दूसरी जीत है। क्वार्टरफाइनल में गोफिन का सामना जर्मनी के फिलिप कोहशेरीबर और बुल्गारिया के ग्रिगोव दिमित्रोव के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
गोफिन के अलावा दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी ज्वेरेव ने भी अंतिम-आठ में अपना स्थान पक्का कर लिया है।
ज्वेरेव ने हमवतन जेन लेनार्ड को दो घंटे तीन मिनट तक चले मैराथन मुकाबले में 6-4, 4-6, 6-4 से हराया।
अगले दौर में ज्वेरेव की भिड़ंत उनके भाई मिश्चा और फ्रांस के रिचार्ड गेस्केट के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
dharmpath.com dharmpath