टेनिस : जोकोविक हारे, मरे ने जीता रोजर्स कप (लीड-1)

मांट्रियल, 17 अगस्त (आईएएनएस)। ब्रिटेन के एंडी मरे ने विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त सर्बिया के नोवाक जोकोविक को हराकर रोजर्स कप का पुरुष एकल खिताब जीत लिया।

तीसरी विश्व वरीयता प्राप्त मरे ने जोकोविक के खिलाफ पिछले आठ मैचों की हार के सिलसिले को तोड़ते हुए रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में 6-4, 4-6, 6-3 से जीत हासिल की।

मरे का इस वर्ष यह चौथा खिताब है, हालांकि उन्हें शीर्ष वरीय जोकोविक को हराने में तीन घंटे से अधिक पसीना बहाना पड़ा।

जोकोविक के खिलाफ मरे 2013 में विंबलडन के फाइनल मुकाबले में आखिरी बार जीत हासिल कर सके थे और 31 अगस्त से शुरू हो रहे वर्ष के आखिरी मेजर अमेरिकी ओपन से ठीक पहले यह जीत उनके लिए मनोबल बढ़ाने वाली होगी।

मरे सोमवार को जारी होने वाली एटीपी रैंकिंग में रोजर फेडरर को अपदस्थ कर दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे।

फाइनल मैच में मरे पहली सर्विस पर 60 फीसदी अंक हासिल करने में सफल रहे, जबकि जोकोविक को 21 फीसदी सफलता ही मिली। मरे को मिले 19 मौकों में से वह चार बार जोकोविक की सर्विस तोड़ सके, जबकि जोकोविक ने मिले 14 मौकों में से तीन बार मरे की सर्विस ब्रेक की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493