सिंगापुर, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। डेनमार्क की टेनिस खिलाड़ी कैरोलिन वोजनियाकी ने शनिवार को महिला टेनिस पेशेवर संघ (डब्ल्यूटीए) फाइनल्स के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, छठी विश्व वरीयता प्राप्त वोजनियाकी ने सेमीफाइनल मैच में तीसरी विश्व वरीयता प्राप्त कैरोलिन प्लिस्कोवा को मात दी।
वोजनियाकी ने एक घंटे 56 मिनट तक चले मैच में चेक गणराज्य की टेनिस खिलाड़ी प्लिस्कोवा को 7-6 (11-9), 6-3 से मात दी।
मैच के बाद अपने एक बयान में वोजनियाकी ने कहा, “यह काफी संघर्षपूर्ण मुकाबला था और उतार-चढ़ाव से भरा हुआ। मैं पहले सेट को जीतकर बहुत खुश थी।”
वोजनियाकी ने कहा, “मैंने इस सप्ताह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। मैं अब फाइनल में हूं और यह मेरे बहुत मायने रखता है।”
डेनमार्क की खिलाड़ी वोजनियाकी का सामना फाइनल मैच में अमेरिका की वीनस विलियम्स और फ्रांस की कैरोलिन गार्सिया के बीच खेले जाने वाले एक अन्य सेमीफाइनल मैच की विजेता खिलाड़ी से होगा।
dharmpath.com dharmpath