लंदन, 18 नवंबर (आईएएनएस)। जर्मनी के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए एटीपी फाइनल्स के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
वेबसाइट ‘ईएसपीएन’ की रिपोर्ट के अनुसार, एकल वर्ग के सेमीफाइनल में वर्ल्ड नम्बर-5 ज्वेरेव ने स्विट्जरलैंड के दिग्गज रोजर फेडरर को मात दी।
ज्वेरेव ने फेडरर को 7-5, 7-6 (5) से मात देकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल की है। उनका मुकाबला अब फाइनल में सर्बिया के स्टार खिलाड़ी नोवाक जोकोविक से होगा।
अपनी जीत के बाद ज्वेरेव ने कहा, “मैं टाईब्रेक में खड़ी हुई स्थिति के लिए माफी मांगता हूं। बॉल ब्वॉय ने बॉल गिरा दी थी और यह नियम में है कि हमें उस अंक को फिर से खेलना पड़ता है।”
ज्वेरेव ने कहा, “मैं इस पूरी स्थिति से बेहद निराश हूं, क्योंकि मैं इस मैच का अंत इस प्रकार नहीं चाहता था।”
dharmpath.com dharmpath