रियो डी जेनेरियो, 23 फरवरी (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी टेनिस खिलाड़ी डेविड फेरर ने रविवार को इटली के फेबियो फोगनिनी को हराकर रियो ओपन टेनिस टूर्नामेंट का पुरुष एकल खिताब जीत लिया। इटली की सारा ईरानी ने महिला एकल खिताब पर कब्जा किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार पुरुष वर्ग में टूर्नामेंट के दूसरे वरीय फेरर ने एक घंटे 23 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले में फोगनिनी को 6-2, 6-3 से हराया और अपना 23वां एटीपी एकल खिताब जीत लिया। फोगनिनी पर फेरर की यह आठवीं जीत है।
बीते साल ब्यूनस आयर्स ओपन के फाइनल में भी फेरर ने फोगनिनी को हराया था।
एक दिन पहले ही स्पेन के स्टार खिलाड़ी और 14 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता राफेल नडाल को सेमीफाइनल में मात देने वाले फोगनिनी ने पहले सेट में 17 गैरवाजिब गलतियां की।
दूसरे सेट में भी फोगनिनी प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर सके और चौथे गेम में फेरर ने उनकी सर्विस तोड़ी। फोगनिनी हालांकि 1-5 से पिछड़ने के बाद एक बार फिर फेरर की सर्विस तोड़ने में कामयाब हुए। विश्व के नौवें वरीयता प्राप्त स्पेनिश खिलाड़ी ने लेकिन उन्हें आगे कोई और मौका नहीं देते हुए नौवें गेम में सेट अपने नाम किया।
गौरतलब है कि फेरर ने इस साल दोहा ओपन खिताब भी जीता है।
दूसरी ओर, महिला एकल के फाइनल में ईरानी ने स्लोवाकिया की एना श्मिडलोवा को 7-6 (7-2), 6-1 से हराया। इस खिताब के साथ ही ईरानी विश्व वरीयता क्रम में 12वें स्थान पर पहुंच गईं।
जीत के बाद इरानी ने कहा, “मैं शीर्ष-10 में स्थान पक्का करने के करीब हूं। मेरे लिए सबसे जरूरी है कि मैं इसी तरह प्रदर्शन करूं और अपने खेल में लगातार सुधार करूं। मेरे हिसाब से जब आप सब कुछ ठीक तरीके से करते हैं तो दूसरी चीजें भी अपने आप ठीक होती चली जाती हैं।”
dharmpath.com dharmpath