टेनिस : रूसी जोड़ी ने जीता दुबई चैम्पियनशिप का महिला युगल खिताब

दुबई, 26 फरवरी (आईएएनएस)। रूस की एलेना वेस्निना और एकातेरीना मकारोवा ने डब्ल्यूटीए दुबई ड्यूटी फ्री (डीडीएफ) टेनिस चैम्पियनशिप के महिला युगल वर्ग का खिताब जीत लिया है।

खिताबी मुकाबले में वेस्निना-माकारोवा की जोड़ी ने चीन की पेंग शुआई और क्रोएशिया की एंड्रिया हेलावाकोवा की जोड़ी को 6-2, 4-6, 10-7 से मात दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, जीत के बाद वेस्निना ने कहा, “हमारे बीच ताल-मेल शानदार रहा और हमें अहसास हो गया था कि मैच पर हमारा नियंत्रण हो चुका है।”

वर्तमान में विश्व की महिला एकल रैंकिंग में 16वें स्थान पर काबिज वेस्निना ने कहा, “मैच के दूसरे सेट में बारिश के कारण हम दोनों को अपनी लय हासिल करने में थोड़ा समय लगा।”

वेस्निना की जोड़ीदार मकारोवा ने कहा, “यह ट्रॉफी बेहद खास है और इस जीत से मार्च में होने वाले अगले टूर्नामेंट इंडियन वेल्स के लिए हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है।”

उन्होंने कहा, “पेंग और हेलावाकोवा की जोड़ी अच्छी थी। वह इस साल आस्ट्रेलिया ओपन की उपविजेता रही हैं। बारिश के बाद जब मैच शुरू हुआ, तो उनका तालमेल अच्छा था। उनके खिलाफ मुकाबला सच में मुश्किल रहा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493