सिनसिनाटी (अमेरिका), 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने सिनसिनाटी ओपन में शानदार वापसी करते हुए तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।
वेबसाइट ‘ईएसपीएन’ की रिपोर्ट के अनुसार, फेडरर ने पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर में वर्ल्ड नम्बर-47 पीटर गोजोविक को मात दी।
वर्ल्ड नम्बर-2 फेडरर ने जर्मनी के पीटर को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराकर अगले दौर में कदम रख लिया है। 2015 के बाद पहली बार फेडरर इस टूर्नामेंट में लौटे हैं। उन्होंने 2015 में खिताबी जीत हासिल की थी।
इस टूर्नामेंट के पहले दौर में फेडरर को बाय मिला था और अब तीसरे दौर में प्रवेश के बाद उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट से इतनी लंबे समय की दूरी उन्हें कभी महसूस नहीं हुई।
आस्ट्रेलिया के टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस ने भी अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। वर्ल्ड नम्बर-18 किर्गियोस ने दूसरे दौर में क्वालीफायर खिलाड़ी डेनिस कुडला को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-7 (2), 7-5, 7-6 (9) से मात दी।
dharmpath.com dharmpath