टेनिस से बोर हो चुका हूं : बर्नार्ड टॉमिक

लंदन, 5 जुलाई (आईएएनएस)। साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के पहले दौर से ही हारकर बाहर हो चुके आस्ट्रेलिया के बर्नाड टॉमिक ने हैरान करने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वह खेल से बोरियत महसूस करने लगे हैं और खेलने के लिए उन्हें इस समय कोई प्ररेणा नहीं मिल रही।

टॉमिक को पहले दौर में जर्मनी के मिश्चा ज्वेरेव ने सीधे सेटों में 6-4, 6-3, 6-4 से मात दी थी।

बीबीसी ने टॉमिक के हवाले से लिखा है, “मेरा मानना है कि मैं अब खेल की ज्यादा इज्जत नहीं कर पा रहा। आप जानते हैं कि मैं आने वाले 10 साल और खेलना चाहता हूं और इसके बाद मुझे काम करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।”

टॉमिक ने 2015 से कोई भी टूर खिताब नहीं जीता है। वह इस साल की शुरुआत से ही संघर्ष कर रहे हैं।

मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा था, “मैं कोर्ट पर बोर महसूस कर रहा था। पिछले एक-दो साल से मुझे कुछ भी प्रेरित नहीं कर रहा है। ऐसा नहीं है कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे रहा हूं। मैं अभी भी उसी तरह खेलने की कोशिश कर रहा हूं।”

उनके इस बयान से टेनिस जगत में उनकी निंदा शुरू हो गई है। पूर्व महिला टेनिस खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा ने कहा है, “यह खेल और इसके इतिहास की बेइज्जती करना है। अगर आप विंबलडन में खेलते हुए प्रेरित नहीं हो सकते तो आपको कुछ और करना चाहिए। दर्शक मैच देखने के लिए काफी पैसा देते हैं। खिलाड़ी यहां आता है और कोशिश नहीं करता, और इससे उसे परेशानी नहीं होती। उन्हें घर पर रहना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493