दुबई, 27 जनवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बुधवार को जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में भारत एक बार फिर शीर्ष पर पहुंच गया।
भारतीय टीम ने करीब चार वर्ष छह महीने के अंतराल के बाद शीर्ष टेस्ट रैंकिंग हासिल की है।
दक्षिण अफ्रीका को घरेलू टेस्ट श्रृंखला में हराने और दक्षिण अफ्रीका को इंग्लैंड के हाथों मिली श्रृंखला में हार के कारण भारत शीर्ष पर पहुंचा।
भारत इससे पहले दिसंबर, 2009 से अगस्त, 2011 तक शीर्ष पर रह चुका है।
सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में मंगलवार को चौथे टेस्ट के संपन्न होने के बाद आईसीसी ने टेस्ट रैंकिंग जारी की।
सेंचुरियन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 280 रनों से मात दे दी, लेकिन चार मैचों की श्रृंखला उन्हें इंग्लैंड के हाथों 1-2 से गंवानी पड़ी।
आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के समान रूप से 109 अंक हैं, लेकिन दशमलव में गणना के आधार पर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा स्थान मिला।
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के कागिसो रबाडा, क्विंटन डी कॉक, हाशिम अमला और इंग्लैंड के बेन स्टोक्स ने लंबी छलांग लगाई है।
रबाडा ने सेंचुरियन टेस्ट में कुल 13 विकेट चटकाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए। अपने इस दमदार प्रदर्शन के बल पर रबाडा ने 32 स्थानों की छलांग लगाए हुए टेस्ट गेंदबाज रैंकिंग में 30वां स्थान हासिल किया।
श्रृंखला के मैन ऑफ द सीरीज रहे बेन स्टोक्स ने गेंदबाज और हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में करियर का सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वह टेस्ट गेंदबाज सूची में तीन स्थान ऊपर 27वें पायदान पर पहुंच गए, जबकि हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए।
लंबे अंतराल के बाद शतक लगाने वाले दिग्गज बल्लेबाज अमला चार स्थान ऊपर उठते हुए टेस्ट बल्लेबाज रैंकिंग में चौथे पायदान पर पहुंच गए।
सीरीज में करियर का पहला टेस्ट शतक लगाने वाले डी कॉक ने पहली बार टेस्ट बल्लेबाज सूची में शीर्ष-50 में प्रवेश किया। डी कॉक 27 स्थानों की छलांग लगाते हुए 48वें पायदान पर पहुंच गए।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि भारत के स्टार स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर हैं।
dharmpath.com dharmpath