मुंबई, 3 जून (आईएएनएस)। टैंग मीडिया पार्टनर्स ने अनिल अंबानी के रिलायंस एंटरटेनमेंट के फिल्म और टीवी स्टूडियो ‘आईएम ग्लोबल’ में बहुमत हिस्सेदारी खरीदी है। टैंग मीडिया और आईएम ग्लोबल ने एक नई टीवी प्रोडक्शन संयुक्त उपक्रम कंपनी स्थापित करने के लिए एशियाई इंटरनेट कंपनी टेंसेंट के साथ भी साझेदारी की है। यह जानकारी कंपनियों ने एक बयान जारी कर दी।
कंपनियों ने कहा कि इस साझेदारी में एक समर्पित टीवी प्रोडक्शन निवेश शामिल है और इससे हासिल होने वाली राशि का निवेश फिल्म और टीवी कार्यक्रम विकास, प्रोडक्शन और वितरण और वैश्विक वितरण प्लेटफार्म का विस्तार करने में किया जाएगा।
कंपनियों ने कहा, “स्टुअर्ट फोर्ड एक नए बहु वर्षीय रोजगार समझौते के तहत आईएम ग्लोबल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बने रहेंगे और वह नई टेलीविजन कंपनी में भी इस क्षमता से सेवा देंगे। आईएम ग्लोबल टेलीविजन के मौजूदा अध्यक्ष मार्क स्टर्न इस पद पर बने रहेंगे।”
लॉस एंजेलिस और शंघाई की कंपनी टैंग मीडिया पार्टनर्स विशेष मनोरंजन सामग्री के विकास, वित्तीयन, प्रोडक्शन और वितरण क्षेत्र में कारोबार करती है।
आईएम ग्लोबल की स्थापना फोर्ड ने 2007 में की थी। कंपनी वैश्विक फिल्म एवं टेलीविजन बिक्री एवं वितरण प्लेटफार्म और 300 से अधिक फिल्मों की एक लाइब्रेरी का संचालन करती है।
dharmpath.com dharmpath