लौसाने, 10 जून (आईएएनएस)। टोक्यो में 2020 में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए एथलेटिक्स, तैराकी, टेबल टेनिस और ट्राइथलॉन में मिश्रित युगल प्रतिस्पर्धाओं के आयोजन को स्वीकृति मिल गई है।
अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने इसकी घोषणा की।
इस स्वीकृति के तहत 2020-टोक्यो ओलम्पिक खेलों में एथलेटिक्स की चार गुणा 400 मीटर रिले रेस, तैराकी में चार गुणा 400 मीटर मेडले रिले में मिश्रित युगल प्रतिस्पर्धा को भी शामिल किया जाएगा।
इस पर आईओसी के अध्यक्ष थोमस बाक ने कहा कि इससे 2020 ओलम्पिक खेल अधिक रूप से नए, आधुनिक होंगे और इसके अलावा, इसमें महिलाओं की भागीदारी भी अधिक होगी।
पिछले साल रियो ओलम्पिक खेलों की तुलना में टोक्यो ओलम्पिक में पांच नई स्पर्धाएं होंगी। इसके अलावा, बास्केटबॉल में ‘थ्री ऑन थ्री’ प्रतिस्पर्धा भी होगी।
इसके अलावा, 2020-टोक्यो ओलम्पिक खेलों में ट्रायथालोन में भी मिश्रित रिले रेस का और टेबल टेनिस में मिश्रित युगल वर्ग की स्पर्धा का आयोजन होगा।
आईओसी के खेल निदेशक किट मेक्कोनेल ने कहा, “हमने लैंगिक समानता के स्तर पर एक बेहद ही महत्वपूर्ण कदम उठाया है।”
dharmpath.com dharmpath