टोक्यो, 27 जुलाई (आईएएनएस)। जापान की पुलिस ने रविवार को टोक्यो उपनगर में हुई विमान दुर्घटना की सोमवार को जांच शुरू कर दी।
समाचार एजेंसी एनएचके की रपट के मुताबिक, चोफू शहर में एक घर की छत पर छोटा पाइपर पीए-46 विमान गिरा और आग की लपटों में बदल गया। दुर्घटना के वक्त विमान में पांच लोग सवार थे।
दुर्घटना में घर में रह रही एक महिला, विमान के चालक और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके अलावा विमान में सवार तीन अन्य व्यक्ति एवं मैदान में मौजूद दो अन्य लोग घायल हो गए थे।
जांचकर्ताओं ने कहा कि विमान चोफू हवाईअड्डे से उड़ान भरने के एक मिनट के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि ऐसा लगता है कि विमान पर्याप्त ऊंचाई पर नहीं पहुंच पाया था। वहीं पुलिस का मानना है कि तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटना हुई।
हवाईअड्डे पर टोक्यो महानगर सरकार का प्रशासनिक अधिकार है। उसने छोटे विमानों के चालकों और मालिकों से आग्रह किया है कि जब तक दुर्घटना के कारणों का पता न चले वे हवाई अड्डे का उपयोग करने से बचें।
dharmpath.com dharmpath