ट्रंप का 11 दिवसीय एशिया दौरा शुरू

वाशिंगटन, 4 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 11 दिवसीय एशियाई दौरा शुरू हो गया है। इस दौरान वह जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, वियतनाम और फिलीपींस जाएंगे।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह किसी अमेरिकी राष्ट्रपति का 25 वर्षो में सबसे लंबा एशिया दौरा होगा।

ट्रंप का यह एशिया दौरा उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल परीक्षणों से उपजे तनाव के बीच हो रहा है।

ट्रंप उत्तर कोरिया पर दक्षिण कोरिया और जापान के साथ एकजुटता दिखा सकते हैं तो दूसरी ओर चीन पर दबाव डाल सकते हैं कि वह उत्तर कोरिया पर दबाव बनाए।

ट्रंप ने शुक्रवार को सबसे पहले हवाई के लिए उड़ान भरी और वहां अमेरिकी प्रशांत कमान की ब्रीफिंग में हिस्सा लिया। वह पर्ल हार्बर में एरिजोना स्मारक का भी दौरा करेंगे जो 1941 में जापानी हमले की याद में बना है। इस हमले के बाद अमेरिका द्वितीय विश्व युद्ध में शामिल हो गया था जिसकी परिणति हिरोशिमा और नगासाकी पर अमेरिका द्वारा परमाणु बम गिराए जाने में हुई थी।

ट्रंप रविवार को हवाई से जापान और फिर सात नवंबर को दक्षिण कोरिया जाएंगे।

ट्रंप सियोल में अमेरिकी सैन्य परिसर कैंप हम्फ्रेज का भी दौरा करेंगे लेकिन वह उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच सीमा पर पुख्ता सुरक्षा वाले विसैन्यीकृत क्षेत्र (डीएमजेड) का दौरा नहीं करेंगे।

बीबीसी के मुताबिक, ट्रंप दक्षिण कोरिया के बाद आठ नवंबर को चीन जाएंगे, जहां वह राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

ट्रंप 10 से 11 नवंबर तक वियतनाम दौरे पर होंगे। इस दौरान वह डानांग में एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग सम्मेलन में शिरकत करेंगे और हनोई का भी दौरा करेंगे।

इसके बाद ट्रंप 12 से 13 नवंबर के बीच फिलीपींस की राजधानी मनीला में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के सम्मेलन में शामिल होंगे।

इससे पहले अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने 1991 के अंत में और 1992 की शुरुआत में एशियाई देशों का सिलसिलेवार दौरा किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493