वाशिंगटन, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। रिपबिल्कन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी अभियान को चंदा देने वाले लोग स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
ट्रंप हाल ही में जारी 2005 के एक वीडियो में महिलाओं के खिलाफ अश्लील टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के शुक्रवार को जारी होने से उनकी हर जगह निंदा हो रही है।
ट्रंप के लिए चंदा जुटाने वाले ने ‘सीबीएस न्यूज’ को बताया कि वह बता नहीं सकते कि उन्हें इस दौरान कितना चंदा देने वालों के फोन आए हैं।
उन्होंने कहा कि ‘वाशिंगटन पोस्ट’ द्वारा वीडियो जारी किए जाने के बाद लोग अपना पैसा वापस मांग रहे हैं।
चंदा देने वालों का कहना है कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि ट्रंप ने उन्हें धोखा दिया है और उनके प्रयास निर्थक गए हैं। कुछ का कहना है कि वह पार्टी की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और इंडियाना के गवर्नर माइक पेंस को राष्ट्रपति पद पर देखना चाहते हैं।
रिपब्लिकन पार्टी के अन्य सदस्यों ने भी इस वीडियो पर गुस्सा जाहिर किया है। इस वीडियो में ट्रंप को महिलाओं का लाभ उठाने की बात करते हुए देखा व सुना जा सकता है।
सीनेटर जॉन थून सहित पार्टी के कई नेताओं ने ट्रंप से इस उम्मीदवारी से पीछे हटने को कहा है, जबकि ट्रंप की पत्नी मेलेनिया ने लोगों से अपने पति को माफ कर देने की अपील की है। हालांकि उन्होंने अपने पति की टिप्पणियों को अस्वीकार्य और अपमानजनक बताया।
वहीं, ट्रंप ने तमाम आलोचनाओं के बावजूद राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी से पीछे नहीं हटने का फैसला किया है। उन्होंने शनिवार दोपहर ट्वीट कर कहा, “मैं राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर नहीं जाऊंगा। मैं अपने समर्थकों को निराश नहीं करूंगा।”
dharmpath.com dharmpath