वाशिंगटन, 30 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उम्मीदवारी की दौड़ में आगे चल रहे डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव अभियान प्रबंधक पर रिपोर्टर से बदसलूकी करने का आरोप लगाया गया है।
अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा की पाम बीच काउंटी के शहर जुपिटर की पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के चुनाव अभियान प्रबंधक कोरे लेवांदोवस्की पर रिपोर्टर मिशेल फील्ड्स से बदसलूकी का आरोप है। आरोप है कि जुपिटर में एक गोल्फ क्लब में आठ मार्च को ट्रंप के संवाददाता सम्मेलन के दौरान लेवांदोवस्की ने फील्ड्स की बांह मरोड़ दी थी।
फील्ड्स (28) उस वक्त ‘ब्रीटबार्ट न्यूज’ वेबसाइट की रिपोर्टर थीं। उनका आरोप है कि जब उन्होंने ट्रंप से सवाल किया तो लेवांदोवस्की ने जबरन जोर से उनकी बांह पकड़ ली।
वहीं, ट्रंप के प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि लेवांदोवस्की (41) पूरी तरह बेगुनाह हैं।
हालांकि फील्ड्स के आरोपों की पुष्टि ‘वाशिंगटन पोस्ट’ के पत्रकार बेन टेरिस ने भी की है, जिनका कहना है कि है कि उन्होंने लेवांदोवस्की को फील्ड्स की बांह पकड़ते देखा था।
पुलिस की रिपोर्ट में भी कहा गया है कि सुरक्षा कैमरों के वीडियो टेप से भी फील्ड्स की शिकायत की पुष्टि होती है। फील्ड्स ने इस संबंध में कुछ फोटोग्राफ भी सोशल नेटवर्क्स पर जारी किए हैं, जिसमें उनकी हाथों में खरोंच नजर आ रहा है।
रिपोर्टर ने इस घटना के करीब सप्ताहभर बाद ही यह कहते हुए ‘ब्रीटबार्ट’ से इस्तीफा दे दिया कि संस्थान उनका साथ नहीं दे रहा।
dharmpath.com dharmpath