‘ट्रंप के यात्रा प्रतिबंध नियम पर रोक से अमेरिकी सुरक्षा प्रभावित होगी’

वाशिंगटन, 7 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा मंत्री जॉन केली का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कुछ देशों के लोगों पर लगाए गए ‘यात्रा प्रतिबंध’ पर रोक लगाया जाना ‘संभावित असामाजिक तत्वों’ को देश में आने से रोकने की क्षमता को सीमित कर रहा है।

समाचार एजेंसी एफे न्यूज के मुताबिक, मंगलवार को सीनेट की होमलैंड सुरक्षा समिति के समक्ष अपने बयान में केली ने इस बात पर जोर दिया वह ‘पूरे आत्मविश्वास के साथ नहीं कह सकते’ कि सरकार ‘खतरनाक’ लोगों को देश से बाहर रखने का हरसंभव प्रयास कर रही है।

ट्रंप ने 2017 की शुरुआत में एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत सात मुस्लिम बहुल देशों ईरान, इराक, सोमालिया, सूडान, सीरिया, यमन और लीबिया के लोगों के अमेरिका में प्रवेश को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया था।

एक संघीय अदालत ने ट्रंप के इस प्रतिबंध के अमल पर रोक लगा दी।

इसके बाद जारी एक अन्य कार्यकारी आदेश में इन सात देशों की सूची से इराक को हटा दिया गया और छह को प्रतिंबध के दायरे में रखा गया। यह आदेश सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है।

केली ने कहा कि वह व्याकुलता से न्यायालय द्वारा इस मसले पर अपनी कार्यवाही को किसी भी रूप में पूरा किए जाने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि इसके बाद वह अमेरिका को सुरक्षित रखने का अपना काम कर सकें।

केली के मुताबिक, न्यायालय द्वारा कार्यकारी आदेश पर रोक लगाने से उनका विभाग अस्थायी रूप से उन देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने से रुक गया है, जो या तो गृह युद्ध में शामिल हैं या सरकारी स्तर पर आतंकवाद को बढ़ावा देने में शामिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा प्रतिबंध का कोई भी संबंध धर्म, रंग या जीवन जीने की पद्धति से नहीं है। इसका संबंध केवल अमेरिका की सुरक्षा से है, किसी भी और चीज से नहीं।

सीरिया और इराक के संबंध में उन्होंने आगाह किया कि 120 से ज्यादा देशों से हजारों की संख्या में जिहादी यहां आए थे। इन देशों में युद्ध में अमेरिकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना द्वारा बढ़त हासिल करने पर कई जिहादी यूरोप, दक्षिण एशिया, दक्षिण पूर्व एशिया, आस्ट्रेलिया और पश्चिमी गोलार्ध में लौट रहे हैं।

केली ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन ने यह महसूस किया कि कुछ जिहादी अमेरिका में हमले को अंजाम देने के मकसद से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे हैं और ट्रंप ने जब कार्यकारी आदेश जारी किया था तो उनके दिमाग में यही बात थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493