वाशिंगटन, 1 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने भाषण में अमेरिकी नेवी सील के अधिकारी विलियम ‘रयान’ ओवेन्स की प्रशंसा की, जिसके बाद कांग्रेस में मौजूद सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने खड़े होकर अधिकारी की विधवा कैरिन ओवेन्स के प्रति सम्मान जताया।
पत्रिका ‘द वीक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने अपने भाषण में कहा, “रयान ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए और अपने देश की रक्षा करते हुए एक योद्धा और एक नायक के रूप में ही अपनी जिंदगी जी और उसी रूप में वह शहीद हुए।”
राष्ट्रपति के भाषण के दौरान कैरिन आवेन्स ट्रंप की बेटी इवांका के पास ही बैठी हुई थीं। भाषण के दौरान वह भावुक हो गईं और रो पड़ीं।
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, तीन बच्चों के पिता ओवेन्स (36) यमन में 27 जनवरी को अलकायदा के एक संदिग्ध परिसर में चलाए गए सैन्य अभियान के दौरान शहीद हो गए थे।
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री जिम मैट्टिस से मुलाकात की, जिसमें मैटिस ने बताया कि ‘रयान एक बेहद सफल अभियान का हिस्सा थे, जिसमें काफी महत्वपूर्ण सूचनाएं मिलीं। इससे भविष्य में हमारे शत्रुओं के खिलाफ कई अन्य अभियानों में भी हमें जीत हासिल होगी।’
उल्लेखनीय है कि फोर्ट लॉडरडेल पुलिस से सेवानिवृत्त हुए ओवेन्स के पिता बिल ओवेन्स ने पिछले सप्ताह सैन्य अभियान की योजना की जांच की मांग की थी। उन्होंने अभियान के समय को लेकर ट्रंप की निंदा की थी।
ट्रंप ने कहा, “रयान यह सब देख रहे हैं और वह बेहद खुश हैं, क्योंकि उन्होंने एक महत्वपूर्ण काम को अंजाम दिया है।”
ट्रंप की इन टिप्पणियों पर कांग्रेस में मौजूद सांसदों और अन्य लोगों ने खड़े होकर ओवेन्स के प्रति सम्मान जताया।
ट्रंप ने कहा, “बाइबल हमें सिखाती है कि अपने दोस्त के लिए अपनी जिंदगी कुर्बान करने से बड़ा कोई काम नहीं है और रयान ने अपने दोस्तों, अपने देश और हमारी आजादी के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। हम रयान को कभी नहीं भूलेंगे।”
dharmpath.com dharmpath