ट्रंप ने हिलेरी से 2020 में चुनाव लड़ने का आग्रह किया

वाशिंगटन, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मजाकिया लहजे में डेमोक्रेट नेता हिलेरी क्लिंटन से वर्ष 2020 में भी उनके विरुद्ध चुनाव लड़ने का आग्रह किया। बीते साल हिलेरी ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में ट्रंप से मुकाबला किया था। ट्रंप ने कहा कि वह उनसे पिछले साल इसलिए हार गई थीं ‘क्योंकि वह उसमें बेहतर नहीं थीं, जो उन्होंने किया था।’

ट्रंप ने रोज गार्डन न्यूज कांफ्रेंस में कहा, “ओह, मैं उम्मीद करता हूं कि हिलेरी चुनाव लड़ेंगी। क्या वह चुनाव लड़ने जा रही हैं? मैं ऐसी उम्मीद करता हूं। हिलेरी, कृपया दोबारा चुनाव लड़िए।”

ट्रंप ने पिछले वर्ष हुए राष्ट्रपति चुनाव में तथाकथित ‘ब्लू वॉल’ (डेमोक्रेटिक पार्टी के असर वाले राज्य) को तोड़ते हुए आश्चर्यजनक रूप से मिशीगन, पेनसिल्वेनिया और विस्कोसिन में भी जीत दर्ज की थी।

हिलेरी क्लिंटन को नेशनल पोपुलर वोट में ट्रंप के मुकाबले 30 लाख अधिक मत मिले थे। लेकिन, ट्रंप ने क्लिंटन की इस सफलता पर संदेह व्यक्त करते हुए इसे ‘व्यापक रूप से फैले वोटर फ्राड का नतीजा’ करार दिया था और अपने इतने बड़े आरोप के लिए कोई सबूत भी नहीं दिया था।

इससे पहले सोमवार को ट्रंप ने फिर हिलेरी क्लिंटन को मजाक उड़ाने वाले नाम से संबोधित किया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “मुझसे हाल में पूछा गया कि क्या कुटिल हिलेरी क्लिंटन 2020 में दोबारा चुनाव लड़ेंगी। मेरा उत्तर है, ‘मैं ऐसी उम्मीद करता हूं।”

हिलेरी क्लिंटन ने राष्ट्र गान के दौरान नेशनल फुटबॉल लीग के खिलाड़ियों के घुटने टिकाकर बैठने का बचाव किया था। इस बारे में प्रश्न पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, “वह गलत हैं। इसलिए वह चुनाव हार गईं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493