ट्रंप फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची में लुढ़के

वाशिंगटन, 21 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फोर्ब्स पत्रिका की 2017 की अरबपतियों की सूची में 220 पायदान नीचे लुढ़क गए हैं। उनकी शुद्ध पूंजी 3.5 अरब डॉलर पर आ गई है, जो एक वर्ष पहले से एक अरब डॉलर कम है।

सीएनएन के अनुसार, सोमवार को प्रकाशित सूची में ट्रंप की स्थिति 19 अन्य लोगों के साथ दुनिया के 544वें सर्वाधिक धनी व्यक्ति के रूप में है।

फोर्ब्स ने कहा है कि ट्रंप की शुद्ध पूंजी में गिरावट का प्रमुख कारण मैनहट्टन रियल एस्टेट मार्केट में कमजोरी है।

पत्रिका ने कहा है, “डोनाल्ड ट्रंप की 40 प्रतिशत संपत्ति ट्रंप टॉवर और इसके एक मील के दायरे में स्थित आठ इमारतों से जुड़ी है।”

पत्रिका ने कहा है, “सूक्ष्मबाजार में जो कुछ घटा है, उसके कारण डोनाल्ड ट्रंप की शुद्ध संपत्ति पर अधिक असर पड़ा है।”

फोर्ब्स ने यह भी कहा है कि उन्होंने अपने राष्ट्रपति चुनाव अभियान को 6.60 करोड़ डॉलर दिया और ट्रंप युनिवर्सिटी से संबंधित एक मुकदमे के निपटाने के लिए 2.50 करोड़ डॉलर का भुगतान किया।

मजे की बात यह कि यह सूची ठीक उसी दिन प्रकाशित हुई है, जिस दिन उन्होंने बिल गेट्स से मुलाकात की। गेट्स लगातार चार वर्षो से दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति हैं।

माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स की शुद्ध संपत्ति 86 अरब डॉलर है, जो पिछले वर्ष की संपत्ति 75 अरब डॉलर से अधिक है।

अमेरिकी व्यापारी वारेन बफेट इस सूची में 2014 के बाद पहली बार दूसरे स्थान पर आए हैं, और उनकी शुद्ध संपत्ति 75.6 अरब डॉलर की है, जो 2016 के 60.8 अरब डॉलर से अधिक है।

अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस पहली बार इस सूची में तीसरा स्थान पाने में कामयाब हुए हैं, और यह अमेजन के शेयरों में उछाल के कारण संभव हो पाया है। इसके कारण उनकी शुद्ध संपत्ति बढ़कर 72.8 अरब डॉलर हो गई।

फोर्ब्स के अरबपतियों की यह सूची इस वर्ष सर्वाधिक लंबी है। पत्रिका ने अनुमान लगाया है कि दुनियाभर में इस समय 2,043 अरबपति हैं। यह संख्या 2016 के 1,810 से अधिक है।

सीएनएन के अनुसार, इन अरबपतियों की औसत शुद्ध संपत्ति 3.75 अरब डॉलर है, जिसका अर्थ यह होता है कि ट्रंप की संपत्ति औसत अरबपति के बराबर भी नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493