ट्रंप से मुलाकात के बाद पॉल रेयान ‘उत्साहित’

वॉशिंगटन, 13 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी प्रतिनिधिसभा के अध्यक्ष पॉल रेयान और रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के संभावित दावेदार डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बहुप्रत्याशित मुलाकात के बाद संकेत मिले हैं कि प्राइमरी के दौरान पैदा हुए मतभेदों के बाद पार्टी अब मिलकर काम करेगी।

सीएनएन’ की रपट के मुताबिक, रेयान ने ट्रंप को समर्थन देने के संकेत दिए हैं।

रेयान ने गुरुवार को कहा, “यह हमारी पहली मुलाकात है। मैं इस मुलाकात को लेकर बेहद उत्साहित था, लेकिन यह एक बराबर चलने वाली प्रक्रिया है। इसमें समय लगता है, आप 45 मिनट में कोई फैसला नहीं ले सकते।”

रेयान ने रिपब्लिकन पार्टी के इतिहास में किसी भी अन्य उम्मीदवार से अधिक वोट जीतने की ट्रंप की उपलब्धि को ‘एक प्रकार से बेजोड़’ बताया है। रेयान ने साथ ही उम्मीद जताई कि ट्रंप को समर्थन देना कुल मिलाकर एक रूढ़िवादी नीति के एजेंडे को समर्थन देना साबित होगा।

ट्रंप और रेयान के बीच एक घंटे चली मुलाकात के बाद दोनों ने एक संयुक्त बयान में कहा, “अमेरिका ‘ओबामा व्हाइट हाउस’ के और चार साल नहीं झेल सकता, हिलेरी क्लिंटन जिसकी प्रतीक हैं। इसलिए बेहद जरूरी है कि रिपब्लिकन्स हमारे साझे सिद्धांतों के अनुसार एकजुट हों।”

ट्रंप ने मुलाकात के बाद ट्वीट किया, “अध्यक्ष रेयान और रिपब्लिकन नेतृत्व के साथ वॉशिंगटन में शानदार दिन। मुलाकात अच्छी रही।”

ट्रंप ने शाम को फॉक्स न्यूज को एक साक्षात्कार में कहा, “मुझे लगता है कि मुलाकात बेहद शानदार रही।”

ट्रंप ने संकेत दिया कि दोनों पक्ष आखिरकार साथ आ जाएंगे।

ट्रंप ने कहा, “मुझे इस थोड़ी धीमी प्रक्रिया से गुजरने में कोई परेशानी नहीं है। हम नतीजों तक पहुंच रहे हैं।”

हालांकि रेयान ने इस बात को माना कि पार्टी के भीतर कुछ मतभेद हैं और ये मतभेद रातों-रात करिश्माई रूप से दूर नहीं हो सकते।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493