ट्रैक एशिया कप-2015 में हिस्सा नहीं लेगा पाकिस्तान

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की मेजबानी में बुधवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय ट्रैक एशिया कप साइकिलिंग-2015 में पाकिस्तान हिस्सा नहीं लेगा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भारतीय साइकिलिंग महासंघ (सीएफआई) द्वारा आयोजित टूर्नामेंट का दूसरा संस्करण यहां इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इनडोर साइकिलिंग वेलोड्रम में आयोजित होगा।

मेजबान भारत के अलावा इस टूर्नामेंट में 10 देशों की कम से कम 13 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें 150 के करीब एथलीट होंगे।

पिछले वर्ष टूर्नामेंट के पहले संस्करण में सिर्फ पांच देशों की टीमों ने हिस्सा लिया था।

पाकिस्तान को भी क्लास-1 ओलम्पिक क्वालीफाइंग इवेंट के लिए सीएफआई ने आमंत्रण भेजा था, लेकिन पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने में कोई रूचि नहीं दिखाई।

सीएफआई के सहायक सचिव वी. एन. सिंह ने आईएएनएस को सोमवार को बताया, “अन्य सभी एशियाई देशों की ही तरह पाकिस्तान को भी हमने निमंत्रण भेजा था। लेकिन उनकी ओर से हमें कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली।”

उन्होंने इस बात पर जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार की ओर से सीएफआई को पाकिस्तान को निमंत्रित न किए जाने के लिए कोई आधिकारिक निर्देश नहीं मिला है।

गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक गतिरोध और सीमा पर अशांति के चलते दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंध को लेकर भी गतिरोध की स्थिति बनी हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493