ट्विटर ने हिंसा भड़काने संबंधी ट्वीट पर कंगना रनौत का ट्विटर अकाउंट स्थायी रूप से बंद किया

मुंबई: ट्विटर ने ‘नफरती आचरण एवं अपमानजनक व्यवहार’ नीति का उल्लंघन करने पर अभिनेत्री कंगना रनौत का अकाउंट स्थायी रूप से बंद कर दिया.

ट्विटर ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी.

34 वर्षीय अभिनेत्री के अकांउट (@KanganaTeam) पर अब ‘अकाउंट सस्पेंडेड’ (अकाउंट निलंबित) का संदेश लिखा आ रहा है.

ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है और भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है. चुनाव परिणाम आने के बाद हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं.

रनौत कथित तौर पर भड़काऊ ट्वीट करने के लिए जानी जाती रही हैं. उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा पर ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस की जीत और चुनाव बाद हिंसा को लेकर कई पोस्ट किए थे.

राज्य में राष्ट्रपति शासन की मांग करते हुए अभिनेत्री ने हिंसा के लिए बनर्जी को कसूरवार ठहराया था और उन्हें ऐसे नामों से संबोधित किया था, जिनको प्रकाशित नहीं जा सकता है.

रनौत ने एक ट्वीट में लिखा था, ‘यह भयानक है. गुंडई को खत्म करने के लिए हमें सुपर गुंडई की जरूरत है. वह (ममता बनर्जी) एक छुट्टा राक्षस की तरह है, उसे वश में करने के लिए मोदी जी, प्लीज आप साल 2000 की शुरुआत वाला रूप दिखाएं.’

ट्विटर ने एक बयान में कहा, ‘हम स्पष्ट रहे हैं कि हम उस व्यवहार पर कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई करेंगे, जिनसे ऑफलाइन नुकसान पहुंचने की आशंका है.’

प्रवक्ता ने बताया, ‘संदर्भित अकाउंट को ट्विटर के नियमों, खासकर, हमारे नफरती आचरण नीति और अपमानजनक नीति का बार-बार उल्लंघन करने के लिए स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.’

उन्होंने कहा, ‘हम सब पर विवेकपूर्ण तरीके से और निष्पक्ष रूप से ट्विटर नियमों को लागू करते हैं.’

ट्विटर की अपमानजक नीति के मुताबिक, ‘व्यक्ति किसी को निशाना बनाकर प्रताड़ित नहीं करे या प्रताड़ित करने, धमकाने या इसकी कोशिश करने के लिए अन्य को भड़काए नहीं या अन्य की आवाज़ को खामोश नहीं कराए.’

ट्विटर ने नीति के हवाला देते हुए बताया कि जब अकाउंट को स्थायी रूप से बंद किया जाता है तो अकाउंट धारक को बताया जाता है कि उन्होंने किन नियमों का उल्लंघन किया है.

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493