भोपाल-राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे अधिवक्ता समर्थ सिंह के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। 27 जून की रात आरोपी घर में घुसे और सोने-चांदी के गहनों के साथ कुछ जरूरी दस्तावेज समेट लिए। हालांकि, गश्त के दौरान पुलिस की नजर पड़ने पर चोरों की भागने की कोशिश नाकाम हो गई।
जानकारी के मुताबिक, चार्ली वाहन से गश्त कर रही पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि देखकर चोरों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और मौके से फरार हो गए। भागते समय वे चोरी का सारा सामान घटनास्थल पर ही छोड़ गए। जिससे कोई भी कीमती वस्तु उनके साथ नहीं जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि चोर कोई भी सामान अपने साथ ले जाने में सफल नहीं हुए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath