सेंट जॉर्ज (ग्रेनाडा), 22 अप्रैल (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) और क्रिकेट प्रशासन पर कैरेबियाई समुदाय (कैरिकॉम) की समिति के बीच हालिया बैठक बेहद सफल रही और दोनों पक्षों के बीच वेस्टइंडीज क्रिकेट पर एक समझौता हो गया है।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार, हालांकि किसी भी पक्ष ने समझौते का ब्यौरा नहीं दिया है।
दोनों पक्षों के बीच बुधवार को हुई बैठक करीब पांच घंटे तक चली।
डब्ल्यूआईसीबी के अध्यक्ष डेव कैमरून और ग्रेनाडा के प्रधानमंत्री कीथ मिशेल ने कहा है कि समझौते का विवरण एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सार्वजनिक किया जाएगा।
मिशेल ने कहा, “हमारे बीच यह भी समझौता हुआ है कि हम डब्ल्यूआईसीबी के साथ एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी करेंगे, साथ ही प्रधानमंत्री टीम की घोषणा की जाएगी। मेरा मानना है कि हम एक सकारात्मक परिणाम तक पहुंचने में सफल रहे, जो आगे का रास्ता खोलेगा। हम वेस्टइंडीज क्रिकेट में सुधार के लिए बोर्ड एवं संबद्ध सभी पक्षों के साथ संयुक्त रूप से काम करेंगे।”
इस बैठक की अध्यक्षता मिशेल ने ही की। मिशेल के अलावा इस बैठक में बहमास के प्रधानमंत्री पेरी क्रिस्टी, कैरिकॉम के चेयरमैन तथा एंटिगा एवं बार्बूडा के प्रधानमंत्री गेस्टन ब्राउन और सेंट विंसेंट एवं ग्रेनाडाइंस के प्रधानमंत्री राल्फ गोंजाल्वेस ने हिस्सा लिया।
बैठक के बाद डब्ल्यूआईसीबी के चेयरमैन कैमरून ने कहा, “बैठक बहुत ही सकारात्मक रही। हमने आपस में अपने-अपने दृष्टिकोण साझा किए। हम सभी वेस्टइंडीज क्रिकेट को फिर से दुनिया की शीर्ष टीम बनाना चाहते हैं और हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उम्मीद की जा रही है कि इस बैठक में पिछले वर्ष बीच में रद्द कर दिए गए भारत दौरे पर भी चर्चा हुई होगी।
dharmpath.com dharmpath