डब्ल्यूबीएफ विश्व वरिष्ठ बैडमिंटन चैम्पियनशिप सोमवार से कोच्चि में

नई दिल्ली, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। बीडब्ल्यूएफ विश्व वरिष्ठ बैडमिंटन चैम्पियनशिप का आयोजन 11 से 17 सितम्बर तक कोच्चि में होगा। भारत में पहली बार आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट के सारे मैच राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले जाएंगे।

एक सप्ताह तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 665 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हालांकि, ये वे खिलाड़ी नहीं हैं, जिन्हें लोग आम तौर पर बैडमिंटन टूर्नामेंटों मे देखते आए हैं। इन खिलाड़ियों की उम्र 35 से 70 साल के बीच में होगी।

इस टूर्नामेंट में खिलाड़ी आठ आयु वर्गो- प्लस-35, प्लस-40, प्लस-50, प्लस-55, प्लस-60, प्लस-65, प्लस-70 में खेलेंगे। कुल 40 देशों से खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।

भारत का प्रतिनिधित्व इस टूर्नामेंट में कुल 175 खिलाड़ी करेंगे, जिसमें ओलम्पियन अभिन्न श्याम गुप्ता, निखिल कानेटकर और वी. दिजु शामिल हैं।

भारत में इससे पहले 2008 में जूनियर विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप, 2009 में विश्व चैम्पियनशिप और 2014 में उबेर कप का आयोजन हो चुका है। इसके अलावा, 2011 में इंडियन ओपन सुपरसीरीज का भी आयोजन हुआ था।

इस आयोजन के बारे में भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के अध्यक्ष हिमंता बिसवा सरमा ने कहा, “मैं इस टूर्नामेंट के आयोजन की जिम्मेदारी देने के लिए बीडब्ल्यूएफ का आभारी हूं और मैं आश्वस्त हूं कि हम इसका आयोजन उम्मीद के मुताबिक करेंगे। हमने पहले भी कई बड़े बैडमिंटन टूर्नामेंटों का आयोजन किया है और इस टूर्नामेंट के आयोजन की जिम्मेदारी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि देश में बैडमिंटन का खेल किस प्रकार से विकास कर रहा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493