जोहांसबर्ग, 1 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी महानगर डरबन 2022 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी हासिल करने में कामयाब रहा, क्योंकि यह शहर इसके लिए एकमात्र दावेदार था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, डरबन की ओर से पेश 600 पृष्ठ वाले दावेदारी के दस्तावेज पुस्तक के रूप में सोमवार को लंदन के मेयर के सरकारी आवास पर आयोजित समारोह में राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
दक्षिण अफ्रीका ने प्रत्येक चार वर्ष पर 71 देशों के बीच होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों को नेल्सन मंडेला के जन्मदिन के शुभ अवसर पर 18 जुलाई से शुरू करने का प्रस्ताव रखा है।
कनाडा का शहर एडमॉन्टन भी इसकी मेजबानी चाहता था, लेकिन आर्थिक परेशानी के चलते उसने अपना दावा वापस ले लिया।
इसके साथ ही डरबन का राष्ट्रमंडल खेल-2022 की मेजबानी करना तय हो गया है, हालांकि दक्षिण अफ्रीकी सरकार, स्थानीय सरकार और दक्षिण अफ्रीका के खेल अधिकारी आयोजन पर होने वाले खर्च पर चुप्पी साधे हुए हैं।
अधिकारियों ने कहा है कि अनुमानित खर्च का खुलासा सोमवार को किया जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका के ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष गिडीयोन सैम ने लंदन उड़ान भरने से पहले पत्रकारों से कहा, “राष्ट्रमंडल खेल-2022 का आयोजन किफायती होगा। आयोजन के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं का 95 फीसदी पहले से ही तैयार है।”
सैम ने बताया कि आर्थिक प्रभाव अध्ययन के अनुमान के मुताबिक आयोजन का लुत्फ उठाने आने वाले दर्शक एक अरब डॉलर खर्च कर सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath