नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली डायनमोज फुटबाल क्लब ने हीरो इंडियन सुपर लीग के अगले सीजन के लिए अपने दल को मजबूत करने की कोशिशें जारी रखी हैं और इसी के तहत 2006 विश्व कप विजेता टीम के मिडफील्डर साइमोन बैरो को सहायक कोच के तौर पर नियुक्त किया है।
इसके साथ ही क्लब ने अगले सीजन के लिए स्पेन के सेबेस्टियन डेलगाडो को गोलकीपिंग कोच और इटली के रॉबटरे घीलमेटी को फिटनेस कोच नियुक्त करने का भी एलान किया है, जबकि इटली के मारियो सेरा टीम के नये मैनेजर और चिकित्सा सहायक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इन कदमों से मौजूदा कोचिंग जोड़ी रमन विजयन और शक्ति चौहान की कुशलता और बढ़ेगी, दोनों कोच क्लब की स्थापना के समय से ही जुड़े हुए हैं। इन प्रशिक्षकों ने क्लब के तकनीकी निदेशकों के साथ साथ बुनियादी स्तर पर कई बेहतरीन काम किये हैं।
इटली के साइमोन बैरोन टीम में अपने ही विश्व कप विजेता हमवतन गियनलुका जैम्ब्रोटा के सहायक कोच के तौर पर काम करेंगे, जैम्ब्रोटा को दिल्ली डायनमोज ने हेड कोच के तौर पर अनुबंधित किया था। दोनों खिलाड़ियों ने 2006 में इटली की ओर से विश्व कप खेला था, जहां नाटकीय फाइनल मुकाबले में फ्रांस को पेनल्टी में मात दी थी।
बैरोन ने कहा “मैं दिल्ली डायनमोज टीम के साथ जुड़कर बेहद खुश हूं। ये मेरा किसी सीनियर टीम के साथ कोचिंग का पहला मौका है, और मैं अपना बेहतरीन प्रदर्शन देने की कोशिश करूंगा।”
उन्होंने ये भी कहा कि “मैं ये मौका देने के लिए क्लब प्रबंधन का शुक्रगुजार हूं। मैं अपने करियर के इस नये अध्याय को लेकर काफी उत्साहित हूं और उम्मीद करता हूं कि अपनी टीम को आईएसएल दिलाने में कामयाब रहूंगा।”
साइमोन बैरोन ने अपने करियर की शुरूआत 1997 में की थी और दिग्गज खिलाड़ी के तौर पर 356 क्लब मुकाबले खेलते हुए कुल 23 गोल दागे। अपने 15 साल के करियर के बात उन्होंने 2012 में संन्यास ले लिया था । अपनी रिटायरमेंट के बाद उन्होंने मॉडेना की अंडर 19 टीम को प्रशिक्षण दिया।
38 साल के बैरोन ने इटली के कई नामचीन क्लब के लिए खेला है जिनमें पालेरमो, टॉरीनो, कैगलियारी और शीवो जैसे नाम शामिल हैं। अपनी ऊर्जा और दमखम के लिए मशहूर होने के साथ साथ वो अपनी बहु आयामी खेल के लिए भी जाने जाते थे। वे मिडफील्ड में कई पोजिशन से खेलते थे, चाहे वो सेंट्रल मिडफील्ड हो, राइट विंग हो या डिफेंस में पीछे से खेलना हो।
सेबेस्टियन डेलगाडो जैसा प्रतिष्ठित नाम भी कई नामी गिरामी पदों पर रहने के बाद क्लब से जुड़ गया है, डेलगाडो फिनलैंड के दिग्गज एचजेके हेलसिंकी के कीपर्स अकादमी के निदेशक रहे हैं।
रॉबर्ट घीलमेटी के ऊपर टीम को पूरे सीजन फिट रखने और चोटों से बचाने की जिम्मेदारी होगी, उनके अनुभव और प्रतिष्ठा को देखते हुए खुद जैम्ब्रोटा ने उनका चयन किया है। इटली के घीलमैटे के पास टूरिन यूनिवर्सिटी की खेल विज्ञान की स्नातकोत्तर (मास्टर्स) डिग्री है।
dharmpath.com dharmpath