नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। ‘बैंडिट क्वीन’, ‘कृष’ और ‘मिलेंगे मिलेंगे’ जैसी फिल्मों में अपने हास्य किरदारों से पहचान बना चुके अभिनेता हेमंत पांडे ने अब फिल्म ‘डायरेक्ट इश्क’ में पहली बार खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में खतरों के खिलाड़ी से चर्चा में आए रजनीश दुग्गल और निधि सुब्बईया मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म 19 फरवरी को देशभर में प्रदर्शित होने जा रही है।

हेमंत ने फिल्म में अपनी भूमिका के बारे में आईएएनएस को मुंबई से फोन पर बताया, “इस फिल्म के साथ पहली बार खलनायक की भूमिका में दर्शकों के बीच आ रहा हूं। इससे पहले मैंने हास्य भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म बनारस की एक प्रेम कहानी है।”
यहां उल्लेखनीय यह भी है कि जहां हेमंत पहली बार खलनायक के रूप में दर्शकों के बीच आ रहे हैं, वहीं देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में पहली बार किसी फिल्म की शूटिंग हुई। हेमंत ने इसी विश्वविद्यालय के दबंग छात्रसंघ अध्यक्ष की भूमिका निभाई है।
बीएचयू छात्रसंघ अध्यक्ष की भूमिका निभाने में कैसा लगा? इस सवाल पर हेमंत ने मुस्कुराते हुए कहा, “बीएचयू में पढ़ने की तमन्ना बचपन से थी, लेकिन वह तमन्ना पूरी नहीं हो पाई। जब इस विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष की भूमिका मिली, तो एक बार लगा कि बचपन की तमन्ना पूरी हो गई।”
धारावाहिक ऑफिस ऑफिस से चर्चित हेमंत ने कहा कि इस फिल्म को स्वीकारने के पीछे एक कारण यह भी था।
हास्य कलाकार के रूप में पहचान बना चुके हेमंत पांडे इस फिल्म के बाद कई फिल्मों में मुख्य खलनायक की भूमिका में नजर आने वाले हैं, जिसमें 11 मार्च को रिलीज हो रही फिल्म ‘द फ्लेम’ भी शामिल है।
निर्देशक राजीव एस. रुईया की फिल्म ‘डायरेक्ट इश्क’ का निर्माता प्रदीप के. शर्मा हैं।
हेमंत ने बताया कि ‘डायरेक्ट इश्क’ एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर है, और दर्शकों के लिए इसमें सबकुछ है।
हेमंत पांडे के अलावा फिल्म में रजनीश दुग्गल एक अलग अंदाज में नजर आएंगे। फिल्म में वह बनारस के एक ऐसे बिगड़ैल छात्र (विक्की शुक्ला) की भूमिका में हैं, जो बात-बात में तमंचा निकाल लेता है। जबकि अभिनेत्री निधि सुब्बईया फिल्म में बनारस की एक ऐसी खूबसूरत युवती के किरदार में हैं, जो मुंबई जाकर पाश्र्वगायिका बनना चाहती हैं। अभिनेता अर्जुन बिजलानी भी फिल्म में प्रमुख भूमिका में हैं।
dharmpath.com dharmpath