मुंबई, 11 मार्च (आईएएनएस)। क्रिकेट शो की मेजबानी कर लोकप्रियता हासिल करने वालीं अभिनेत्री रोशनी चोपड़ा अब डिजिटल दुनिया में आगाज करने जा रही हैं। वह एक डिजिटल शो की मेजबानी करेंगी।
टीवी शो ‘कसम से’ की अभिनेत्री इससे पहले दूरदर्शन के शो ‘फोर्थ अम्पायर’ की मेजबानी कर चुकी हैं। अब वह बिगो लाइव और यूसी ब्राउजर की पेशकश ‘ओएमजी’ क्विज शो की मेजबानी करेंगी।
रोशनी ने हाल ही में इस बारे में अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो साझा किया। उन्होंने ऐसा शो लाने के प्रयास की सराहना की है जिसका मकसद इसमें भाग लेने वाले दर्शकों के ज्ञान को बढ़ाना है।
यह क्विज शो टीवी के लोकप्रिय शो “कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर है। इसके लिए बिगो लाइव ने यूसी ब्राउजर (वेब ब्राउजर) के साथ सहयोग किया है। यूजर 12 सवालों का जवाब देकर पुरस्कार राशि जीत सकते हैं।
रोशनी ने एक बयान में कहा, “जैसा कि भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ निदास ट्रॉफी-2018 में खेलने जा रही है, उसके प्रति समर्पण की भावना के साथ आज का शो प्लेटफॉर्म पर खास क्रिकेट कार्यक्रम होगा और इसलिए, हम चाहते हैं कि आज इस कार्यक्रम में शामिल होकर यूजर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन भरे शब्द साझा करें।”
dharmpath.com dharmpath